*जनपद उपाध्यक्ष के ऊपर फायरिंग मामले में फरार आरोपी पर ईनाम घोषित, आधा दर्जन से अधिक आरोपी हैं जैल में*
छत्तीसगढ़ उजाला

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। मस्तूरी में जनपद उपाध्यक्ष और उनके साथियों पर फायरिंग के मामले में फरार चल रहे कांग्रेस नेता नागेंद्र राय और टाकेश्वर पाटेल पर पुलिस ने पांच-पांच हजार इनाम की घोषणा की है। इसके साथ ही चकरभाठा क्षेत्र में गायब नाबालिग के मामले में जानकारी देने वालों को भी पांच हजार का इनाम दिया जाएगा।
बता दें कि मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह अपने रिश्तेदारों और परिचित के साथ 28 अक्टूबर 2025 की शाम नहर चौक के पास बैठे थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान नितेश सिंह ने भी अपने लाइसेंसी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की थी। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चली।
दूसरी ओर से फायरिंग होते देख बाइक सवार बदमाश भाग निकले। मामले की जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित विश्वजीत अनंत समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में कांग्रेस नेता अकबर खान और विश्वजीत अनंत समेत सभी नौ आरोपी अभी जेल में है।
वहीं, कांग्रेस नेता नागेंद्र राय और टाकेश्वर पाटले अब भी फरार है। मस्तूरी पुलिस ने आरोपित के सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी है। फरार कांग्रेस नेता के रिश्तेदारों से भी कई बार पूछताछ की गई है। इसमें कांग्रेस नेताओं का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
लंबे समय से फरार चल रहे कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने सूचना देने वालों को पांच-पांच हजार इनाम देने की घोषणा की है। वहीं, चकरभाठा थाना क्षेत्र से गायब नाबालिग के मामले में सूचना देने वालों को भी पांच हजार का इनाम दिया जाएगा।



