BJP President Nitin Nabin : आज नितिन नबीन संभालेंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद, बीजेपी मुख्यालय पहुँचे सीएम साय

नई दिल्ली।
भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। बिहार के वरिष्ठ नेता और पांच बार के विधायक नितिन नबीन को सर्वसम्मति से बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। उनके नामांकन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने समर्थन दिया, जिससे उनके निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हुआ।
मंगलवार को नितिन नबीन ने नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में औपचारिक रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला। इस ऐतिहासिक अवसर पर देशभर से पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री रामविचार नेताम भी बीजेपी मुख्यालय पहुँच चुके हैं। पदग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित पार्टी के कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी की संभावना है।
नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने को संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व को उनसे संगठन को नई ऊर्जा देने और जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की उम्मीद है।



