छत्तीसगढ

CG GST Raid: छत्तीसगढ़ में बड़े कोयला कारोबारियों पर स्टेट GST की दबिश, करोड़ों की टैक्स चोरी उजागर


रायपुर/कोरबा(छत्तीसगढ़ उजाला)
छत्तीसगढ़ में टैक्स चोरी के खिलाफ स्टेट जीएसटी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार, 15 दिसंबर को स्टेट जीएसटी की टीम ने कोरबा जिले में दो और रायपुर में एक बड़े कोयला कारोबारी के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में बड़े पैमाने पर जीएसटी चोरी के पुख्ता सबूत सामने आए हैं।

जीएसटी अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फर्जी बिलिंग, इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के दुरुपयोग और बिक्री छुपाने जैसे गंभीर मामले सामने आए हैं। दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

पहले भी 27 करोड़ से अधिक का किया गया था सरेंडर

गौरतलब है कि हाल ही में स्टेट जीएसटी टीम ने बिलासपुर में तीन बड़े कोयला कारोबारियों —
महावीर कोल वॉशरी, फील कोल और पारस कोल एंड बेनिफिकेशन — के ठिकानों पर छापेमारी की थी।
जांच के बाद इन कारोबारियों ने कुल 27 करोड़ 61 लाख रुपये की जीएसटी राशि विभाग के समक्ष सरेंडर की थी।

महावीर कोल वॉशरी ग्रुप – ₹10 करोड़

फील कोल ग्रुप – ₹11 करोड़

पारस कोल वॉशरी – ₹6.50 करोड़


जीएसटी विभाग के अनुसार यह राशि केवल प्रारंभिक जांच के आधार पर सरेंडर की गई है और विस्तृत जांच के बाद अतिरिक्त टैक्स, पेनाल्टी और ब्याज भी वसूला जा सकता है।

महावीर कोल वॉशरी सुर्खियों में

उल्लेखनीय है कि महावीर कोल वॉशरी का नाम पहले भी चर्चा में रहा है, क्योंकि यह कारोबारी समूह टीवी एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे के ससुराल से जुड़ा हुआ बताया जाता है। हालांकि विभागीय कार्रवाई पूरी तरह से कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है।

GST विभाग का सख्त संदेश

स्टेट जीएसटी अधिकारियों का कहना है कि टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। आने वाले दिनों में कोयला, आयरन और अन्य खनिज कारोबार से जुड़े व्यापारियों पर भी कार्रवाई तेज की जाएगी।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button