लंदन में गूंजा ‘जय जोहार’, छत्तीसगढ़ की संस्कृति और स्वाद ने जीता दिल…….. इंडिया इंडिपेंडेंस डे सेलिब्रेशन में NACHA UK ने बस्तर की कला, छत्तीसगढ़ी व्यंजन और लोकनृत्य से बिखेरे प्रदेश के रंग…..

•लंदन छत्तीसगढ़ उजाला•
भारत के स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर ब्रिटेन की धरती पर छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, कला, खान-पान और लोक परंपराओं की शानदार झलक देखने को मिली। NRI Association of Chhattisgarh (NACHA) UK ने भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश की विशिष्ट पहचान को वैश्विक मंच पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।भारतीय उच्चायोग के सहयोग से आयोजित इस भव्य समारोह में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोगों के साथ अन्य आगंतुकों ने भी भाग लिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ के स्टॉल पर प्रदेश की संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
छत्तीसगढ़ी दही बड़ा बना आकर्षण का केंद्र
NACHA UK की ओर से तैयार पारंपरिक छत्तीसगढ़ी दही बड़ा लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। हजारों आगंतुकों के बीच छत्तीसगढ़ के इस पारंपरिक स्वाद को पहुंचाने का प्रयास किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने दही बड़े का स्वाद चखा और छत्तीसगढ़ी खान-पान की सराहना की। इस पहल के जरिए विदेश में रहने वाले भारतीयों के साथ ही अन्य समुदायों को भी छत्तीसगढ़ के विशिष्ट व्यंजनों से परिचित होने का अवसर मिला।

बस्तर की खास कला और संस्कृति ने मोहा मन
छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक स्टॉल में बस्तर की कला, हस्तशिल्प और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। यहां आने वाले लोगों को छत्तीसगढ़ की लोककला, पारंपरिक शिल्प और सांस्कृतिक विविधता के साथ प्रदेश के पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक खूबसूरती की भी जानकारी दी गई।
बस्तर की विशिष्ट कला और कारीगरी को देखकर आगंतुक काफी प्रभावित नजर आए। इस आयोजन ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत के साथ प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने रखने का भी अवसर प्रदान किया।
छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य पर झूम उठा लंदन
समारोह के मंच पर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा, लोक संगीत की धुन और कलाकारों की ऊर्जावान प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को छत्तीसगढ़ के रंग में रंग दिया। प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ कलाकारों का स्वागत किया।
भारतीय उच्चायुक्त पेरियासामी कुमारन पहुंचे छत्तीसगढ़ स्टॉल

समारोह का एक विशेष क्षण उस समय आया जब ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त पेरियासामी कुमारन ने छत्तीसगढ़ के स्टॉल नंबर-21 का भ्रमण किया। उनकी उपस्थिति से NACHA UK के सदस्यों और छत्तीसगढ़ी समुदाय का उत्साह और बढ़ गया।
NACHA UK ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले छत्तीसगढ़ के प्रवासी समुदाय के सभी सदस्यों, स्वयंसेवकों और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही नेहरू सेंटर, नवनेट सेंटर और भारतीय उच्चायोग को छत्तीसगढ़ की संस्कृति को इतने बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया गया।NACHA UK के लिए यह आयोजन केवल स्वतंत्रता दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि अपनी माटी, संस्कृति, पहचान और छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान को ब्रिटेन की धरती पर प्रदर्शित करने का गौरवपूर्ण अवसर बना।लंदन की धरती पर छत्तीसगढ़ की संस्कृति के साथ ‘जय हिंद, जय छत्तीसगढ़ और जय जोहार’ की भावना ने भारत की विविधता में एकता का खूबसूरत संदेश दिया।



