ब्रेकिंग न्यूज

छत्तीसगढ़ उजाला की खबर का बड़ा असर: पेंड्रा–पतगवा सड़क निर्माण को मिली 1.71 करोड़ की प्रशासनिक मंजूरी

“छत्तीसगढ़ उजाला ने उठाई ग्रामीणों की आवाज़, अब प्रशासनिक मंजूरी के बाद गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध सड़क निर्माण की उम्मीद।”

जी.पी.एम.(छत्तीसगढ़ उजाला)-ग्राम पंचायत पतगवा की बदहाल सड़क, बरसों से चली आ रही ग्रामीणों की परेशानी और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी को छत्तीसगढ़ उजाला ने प्रमुखता से उठाया। सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और अब छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग (PWD) ने पेंड्रा–पतगवा मार्ग के निर्माण के लिए 1 करोड़ 71 लाख 45 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ उजाला ने हाल ही में “पतगवा की बदहाल सड़क बनी ग्रामीणों की मजबूरी, चुनावी वादे हवा-हवाई; सरपंच से विधायक तक पर उठे सवाल” शीर्षक से खबर प्रकाशित कर सड़क की जर्जर स्थिति, बरसात में ग्रामीणों की परेशानी और वर्षों से लंबित मांग को प्रमुखता से उठाया था। खबर में यह भी सामने आया था कि ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे।

अब लोक निर्माण विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर द्वारा 30 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल पेंड्रा–पतगवा मार्ग के 1.20 किलोमीटर निर्माण कार्य के लिए प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी गई है।

शासन के आदेश में कहा गया है कि कार्य शुरू करने से पहले सक्षम अधिकारी से तकनीकी स्वीकृति प्राप्त की जाएगी। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निविदा प्रक्रिया प्रारंभ होगी। यदि परियोजना में पुल या पुलिया का निर्माण शामिल होगा तो उसकी डिजाइन भी सक्षम अधिकारी से अनुमोदित कराई जाएगी।

इसके साथ ही शासन ने स्पष्ट किया है कि इस परियोजना में भूमि अधिग्रहण के लिए कोई राशि स्वीकृत नहीं की गई है। इसलिए निर्माण कार्य केवल शासकीय भूमि पर ही कराया जाएगा तथा स्वीकृत राशि निर्धारित बजट मद से व्यय की जाएगी।

स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मंजूरी का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब वर्षों से चली आ रही परेशानी खत्म होगी। उनका कहना है कि प्रशासनिक स्वीकृति के बाद अब सबसे बड़ी जरूरत यह है कि निर्माण कार्य बिना किसी अनावश्यक देरी के शुरू हो और तय गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए, ताकि बरसात में होने वाली दिक्कतों से हमेशा के लिए राहत मिल सके।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button