भाजपा ने युवा नेतृत्व पर जताया बड़ा भरोसा, रौशन सिंह को सौंपी भाजयुमो मुंगेली जिला सह-प्रभारी की अहम जिम्मेदारी

बिलासपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) छत्तीसगढ़ ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बिलासपुर के युवा नेता रौशन सिंह को भाजयुमो मुंगेली जिला का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। संगठन में लंबे समय से उनकी सक्रियता, अनुशासित कार्यशैली और समर्पित योगदान को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति के बाद भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
प्रदेश संगठन द्वारा युवा कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपने की नीति के तहत यह नियुक्ति अहम मानी जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जमीनी स्तर पर सक्रिय और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को नेतृत्व में अवसर देकर भाजपा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
रौशन सिंह लंबे समय से भाजपा और भाजयुमो की संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। चुनावी अभियानों से लेकर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में उन्होंने जिम्मेदारी के साथ कार्य किया है। वे बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल के करीबी समर्थकों में भी गिने जाते हैं। समाज के विभिन्न वर्गों के बीच उनकी सक्रियता और सहज व्यवहार ने उन्हें एक लोकप्रिय युवा कार्यकर्ता के रूप में पहचान दिलाई है।
भाजयुमो में मिली नई जिम्मेदारी को संगठन ने युवा नेतृत्व को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। माना जा रहा है कि रौशन सिंह की सक्रिय भूमिका से मुंगेली जिले के साथ-साथ बिलासपुर संभाग में भी संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
युवाओं के बीच मजबूत पहचान
रौशन सिंह की सबसे बड़ी ताकत युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। शिक्षा, रोजगार, खेल, सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में उनकी निरंतर भागीदारी ने उन्हें युवाओं से सीधे जोड़ने का काम किया है। पार्टी के कई अभियानों में उन्होंने नेतृत्वकारी भूमिका निभाई है, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिली है।
शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
अपनी नियुक्ति पर रौशन सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल तथा भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। साथ ही युवाओं के बीच पार्टी की विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेंगे।



