ब्रेकिंग न्यूज

सक्ति औद्योगिक हादसे पर विधानसभा में जबरदस्त हंगामा: अनिल अग्रवाल पर FIR को लेकर सत्ता-विपक्ष आमने-सामने, विपक्ष का वॉकआउट

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में मंगलवार को सक्ति जिले में हुए औद्योगिक हादसे का मुद्दा जोरदार तरीके से गूंजा। वेदांता समूह के चेयरमैन एवं डायरेक्टर अनिल अग्रवाल के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। मामला इतना गरमा गया कि विपक्ष ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए सदन से वॉकआउट (बहिर्गमन) कर दिया।

सक्ति हादसे पर सरकार से जवाब मांगता रहा विपक्ष

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी विधायकों ने सक्ति स्थित औद्योगिक इकाई में हुए हादसे का मुद्दा उठाया। विपक्ष ने कहा कि यह पहली बार है जब किसी औद्योगिक दुर्घटना के मामले में कंपनी के शीर्ष स्तर के अधिकारी और चेयरमैन अनिल अग्रवाल के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज की गई है।

विपक्ष ने सरकार से सवाल किया कि आखिर किन तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर यह कार्रवाई की गई तथा हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर आगे क्या कदम उठाए जाएंगे। साथ ही यह भी पूछा गया कि पीड़ितों को न्याय और मुआवजा दिलाने के लिए सरकार की क्या योजना है।

सदन में तीखी बहस, विपक्ष ने किया वॉकआउट

इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लंबी बहस हुई। विपक्ष ने सरकार पर मामले में राजनीतिक हस्तक्षेप और कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए, जबकि सरकार ने कहा कि कानून के अनुसार जांच और कार्रवाई की जा रही है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

सरकार के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही आगे बढ़ाई गई।

यह मुद्दा अब विधानसभा से निकलकर प्रदेश की राजनीति में भी चर्चा का विषय बन गया है और आने वाले दिनों में इस पर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button