रायपुर में Lenskart के शो-रूम में हंगामा: धर्म जागरण की महिला प्रमुख भारवी वैष्णव ने चश्मा तोड़कर जताया विरोध, कंपनी पर हिंदू आस्था से खिलवाड़ का आरोप

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-राजधानी रायपुर में प्रसिद्ध चश्मा ब्रांड Lenskart को विरोध का सामना करना पड़ा। धर्म जागरण समिति की सह संयोजिका भारवी वैष्णव अपने समर्थकों के साथ कंपनी के शो-रूम पहुंचीं और कथित ‘हिंदू विरोधी आदेश’ के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शो-रूम में मौजूद कर्मचारियों को तिलक लगाया और खरीदे गए चश्मों को तोड़कर विरोध जताया। भारवी वैष्णव ने कहा कि “चश्मा सिर्फ देखने के लिए नहीं, बल्कि नजरिया साफ रखने के लिए भी होता है।” उन्होंने कंपनी को चेतावनी देते हुए कहा कि वह हिंदू भावनाओं के साथ खिलवाड़ न करे।
उन्होंने कर्मचारियों से अपने धर्म और संस्कारों पर गर्व करने की अपील की और कहा कि जो भी आदेश उनकी आस्था के खिलाफ हो, उसका विरोध करना चाहिए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्रीराम’ के नारे भी लगाए।
भारवी वैष्णव का आरोप है कि कंपनी के एक निर्देश में हिंदू कर्मचारियों को भगवा तिलक और कलावा पहनकर आने से रोका गया, जबकि अन्य धार्मिक प्रतीकों की अनुमति दी गई। इसी के विरोध में देशभर में विभिन्न हिंदू संगठनों द्वारा प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
हालांकि, बढ़ते विरोध के बाद Lenskart ने सफाई जारी करते हुए कहा है कि कंपनी सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान करती है और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा।




