पीएम श्री सेजस विद्यालय कुम्हारी पहुंचे प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, बच्चों के बीच बन गए विद्यार्थी; टॉपर्स का किया सम्मान

दुर्ग(छत्तीसगढ़ उजाला)-आदिम जाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक विकास विभाग के प्रमुख सचिव और दुर्ग जिले के प्रभारी सचिव श्री सोनमणी वोरा ने आज दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित पीएम श्री विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान विद्यालय के सभी विभागों का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने विद्यालय की लाइब्रेरी, विज्ञान प्रयोगशाला, अटल टिंकरिंग लैब, स्पोर्ट्स रूम और विभिन्न कक्षाओं का बारीकी से अवलोकन किया। प्राथमिक विभाग में संचालित “जादुई पिटारा” गतिविधियों और स्मार्ट क्लास के जरिए हो रही पढ़ाई को देखकर उन्होंने खुशी जताई।
विद्यालय में पहुंचे प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा बच्चों के बीच सिर्फ अधिकारी की भूमिका में नहीं दिखे, बल्कि वे खुद विद्यार्थी और अभ्यर्थी की तरह बच्चों से घुल-मिल गए। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई, खेलकूद, करियर और उनके सपनों को लेकर खुलकर बातचीत की।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “जीवन में सफलता पाने के लिए अनुशासन, परिश्रम, तप और त्याग बेहद जरूरी हैं। जो विद्यार्थी लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करता है, वही आगे बढ़ता है।”
जब अधिकारियों ने बच्चों से पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं, तो किसी ने सीए, किसी ने साइबर इंजीनियर तो किसी ने कलेक्टर बनने की इच्छा जाहिर की। इस पर प्रमुख सचिव और कलेक्टर ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी ईमानदारी से मेहनत करें।
इस अवसर पर विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों और विद्यार्थियों की उपलब्धियों की भी जमकर सराहना की गई। प्रमुख सचिव ने सभी टॉपर विद्यार्थियों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा 12वीं की छात्रा रिया साहू शामिल रहीं, जिन्होंने राज्य स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 10वीं की छात्रा साक्षी देवांगन ने जिला स्तर पर आठवां स्थान हासिल किया।
कक्षा 8वीं में पायल रजानी और नैतिक आमटे ने संकुल स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार कक्षा 5वीं की छात्रा शिवानी पटेला प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि भव्या साहू और रूपाली साहू ने द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
प्रमुख सचिव श्री बोरा ने शिक्षकों की मेहनत और विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पीएम श्री विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं।



