छत्तीसगढ़ दौरे पर अमित शाह: नक्सलवाद पर उच्चस्तरीय मंथन, विकास विमर्श और बस्तर पंडूम समापन में होंगे शामिल

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह 07 से 09 फ़रवरी, 2026 तक तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य की आंतरिक सुरक्षा, वामपंथी उग्रवाद (LWE) की स्थिति, विकासात्मक विषयों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजनों में सहभागिता करेंगे।
दौरे के पहले दिन 07 फ़रवरी, 2026 को श्री अमित शाह रायपुर आगमन के पश्चात रात्रि 08:00 बजे होटल मेफेयर में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं सुरक्षा अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में राज्य से जुड़े विभिन्न सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
08 फ़रवरी, 2026 को केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री प्रातः होटल मेफेयर, रायपुर में वामपंथी उग्रवाद को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में केंद्र व राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के शीर्ष अधिकारी तथा सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा रणनीति, विकास कार्यों की प्रगति एवं भविष्य की कार्ययोजना पर मंथन किया जाएगा।
इसी दिन सायं 04:30 बजे श्री अमित शाह साप्ताहिक पत्रिका ‘ऑर्गेनाइज़र’ के ‘भारत प्रकाशन’ द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कॉनक्लेव ‘छत्तीसगढ़ @ 25 : शिफ्टिंग द लेंस’ में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जहां वे राज्य के 25 वर्षों की विकास यात्रा, भविष्य की संभावनाओं और बदलते दृष्टिकोण पर अपने विचार साझा करेंगे।
अपने दौरे के अंतिम दिन 09 फ़रवरी, 2026 को केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जगदलपुर, बस्तर में आयोजित बस्तर पंडूम महोत्सव – 2026 के समापन समारोह में शामिल होंगे। यह महोत्सव बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, लोककला और विरासत के संरक्षण व संवर्धन का प्रमुख उत्सव है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह का यह तीन दिवसीय दौरा छत्तीसगढ़ में सुरक्षा सुदृढ़ीकरण, समावेशी विकास तथा जनजातीय संस्कृति के प्रति केंद्र सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से रेखांकित करता है।




