मानसून सत्र से पहले भाजपा का रणनीति मंथन, CM विष्णुदेव साय ने बुलाई विधायक दल की अहम बैठक
13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा मानसून सत्र की तैयारी, सरकार के एजेंडे और विपक्ष के सवालों पर होगी चर्चा
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक बुधवार शाम 7 बजे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होगी। विधायक दल के सचिव की ओर से सभी भाजपा विधायकों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
बैठक में 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर सरकार की रणनीति, सदन में प्रस्तुत किए जाने वाले प्रमुख विधायी एवं वित्तीय कार्यों तथा विपक्ष के संभावित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही राज्य सरकार की विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों पर भी मंथन किया जाएगा, ताकि सत्र के दौरान सरकार एकजुट होकर अपना पक्ष प्रभावी ढंग से रख सके।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार शाम रमेन डेका से लोकभवन पहुंचकर मुलाकात की थी। इसके बाद अब भाजपा विधायक दल की बैठक को राजनीतिक और संसदीय दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह पहली बार है कि मानसून सत्र से करीब एक सप्ताह पहले भाजपा विधायक दल की औपचारिक बैठक आयोजित की जा रही है। माना जा रहा है कि बैठक में विधायकों को सदन में सरकार की प्राथमिकताओं, विभिन्न विभागों की उपलब्धियों और विपक्ष के सवालों का प्रभावी जवाब देने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से 17 जुलाई तक चलेगा। पांच दिवसीय इस सत्र में कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी। इस दौरान वित्तीय कार्यों के अलावा कई महत्वपूर्ण शासकीय कार्य, विधेयकों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। विपक्ष भी विभिन्न जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है, ऐसे में मानसून सत्र के दौरान सदन के गरमाने के आसार हैं।



