एम्स रायपुर में रेस्पिरेटरी आईसीयू का लोकार्पण, राज्यपाल रमेन डेका ने सुपर स्पेशलिटी कार्डियक सुविधा की रखी मांग

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, रायपुर में अत्याधुनिक रेस्पिरेटरी इंटेंसिव केयर यूनिट (RICU) का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने एम्स को देश का सबसे विश्वसनीय और अग्रणी चिकित्सा संस्थान बताते हुए कहा कि बढ़ते मरीज भार को देखते हुए इसके निरंतर विस्तार की आवश्यकता है।
सुपर स्पेशलिटी कार्डियक फैसिलिटी की जरूरत पर जोर
राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ में सुपर स्पेशलिटी कार्डियक फैसिलिटी की स्थापना को समय की मांग बताया। उन्होंने कहा कि हृदय रोगियों को बेहतर उपचार के लिए प्रदेश से बाहर जाना पड़ता है, जिसे रोकने के लिए एम्स तथा राज्य के मेडिकल कॉलेजों में उन्नत हृदय चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार जरूरी है।
उन्होंने राज्य शासन को सुझाव दिया कि नवा रायपुर में एम्स के लिए अतिरिक्त भूमि आबंटित की जाए, ताकि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना का समुचित विकास किया जा सके।
भारतीय डॉक्टरों की वैश्विक प्रतिष्ठा
डॉक्टरों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारतीय चिकित्सक अपने समर्पण, कौशल और उच्च प्रशिक्षण के कारण विश्वभर में सम्मानित हैं। उन्होंने अपनी माताजी का संस्मरण साझा करते हुए भावुक स्वर में कहा कि डॉक्टरों की उपस्थिति मात्र से ही मरीजों का आधा तनाव दूर हो जाता है।
उन्होंने कहा कि समाज आज भी डॉक्टरों को ‘भगवान’ का दर्जा देता है, जो इस पवित्र पेशे की गरिमा और जिम्मेदारी को दर्शाता है।
विकसित भारत @2047 की दिशा में स्वास्थ्य क्षेत्र की भूमिका
राज्यपाल ने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं में निरंतर सुधार से राज्य में मृत्यु दर में कमी आई है, जो सकारात्मक संकेत है। हालांकि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य, इंजीनियरिंग, अंतरिक्ष विज्ञान सहित सभी क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल करनी होगी।
अंत में उन्होंने एम्स रायपुर को जनसेवा के नए प्रतिमान स्थापित करने और प्रदेशवासियों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शुभकामनाएं दीं।



