मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर प्रेस क्लब प्रतिनिधिमंडल की सौजन्य भेंट, रंगोत्सव में मुख्य अतिथि बनने का दिया आमंत्रण

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू तथा पत्रकार सौरभ सिंह परिहार शामिल रहे।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रेस क्लब द्वारा आयोजित किए जाने वाले आगामी रंगोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु औपचारिक आमंत्रण सौंपा। साथ ही पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों—सुरक्षा, कल्याणकारी योजनाओं और अधोसंरचना विकास—पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट करते हुए सकारात्मक पहल की अपेक्षा व्यक्त की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा पत्रकारों से जुड़े विषयों पर समुचित और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए पत्रकारों के हितों के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास सहित अन्य मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।




