हिंदू नेता ठाकुर राम सिंह पर FIR से बढ़ा विवाद, कालीचरण महाराज की चेतावनी—मुकदमा वापस नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन

बिलासपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में हिंदू संगठन से जुड़े ठाकुर राम सिंह के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। मामले ने अब सामाजिक और धार्मिक संगठनों का ध्यान भी अपनी ओर खींच लिया है। इसी बीच संत कालीचरण महाराज ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए खुलकर ठाकुर राम सिंह के समर्थन में बयान दिया है और बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दर्ज हुआ मामला
जानकारी के मुताबिक, सरकंडा थाना पुलिस ने ठाकुर राम सिंह के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट को लेकर यह कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि उस पोस्ट में ईरान के मुस्लिम धर्मगुरु अली खामेनेई को लेकर टिप्पणी की गई थी। आरोप है कि खामेनेई की मौत की खबर सामने आने के बाद ठाकुर राम सिंह ने मिठाई बांटकर जश्न भी मनाया था। इस घटना से नाराज मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुलिस से शिकायत की थी।
BNS की धाराओं में केस दर्ज
शिकायत मिलने के बाद सरकंडा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कालीचरण महाराज ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
इस पूरे मामले पर संत कालीचरण महाराज ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ठाकुर राम सिंह पर दर्ज मुकदमा द्वेषपूर्ण और अनुचित है। उन्होंने मांग की कि यह केस तुरंत वापस लिया जाए।
कालीचरण महाराज ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामला वापस नहीं लिया गया तो हजारों हिंदू एक साथ गिरफ्तारी देंगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
हिंदू समाज से एकजुट होने की अपील
उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर हिंदू समाज को एकजुट होकर आगे आना चाहिए और अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।
पुलिस स्थिति पर रखे हुए है नजर
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी




