ब्रेकिंग न्यूज

छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में 700 पदों पर होगी भर्ती, सहायक प्राध्यापक के 625 पद शामिल

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai की विशेष पहल पर राज्य के शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग द्वारा सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल और क्रीड़ा अधिकारी के कुल 700 पदों पर भर्ती की जाएगी।
सहायक प्राध्यापक के 625 पदों पर भर्ती
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार सहायक प्राध्यापक के 625 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें प्रमुख विषयों में हिन्दी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, भौतिक शास्त्र, गणित, रसायन शास्त्र, वनस्पति शास्त्र और प्राणीशास्त्र के 50-50 पद निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा अर्थशास्त्र, इतिहास और भूगोल के 25-25 पद, कम्प्यूटर एप्लीकेशन के 15 पद, वाणिज्य के 75 पद तथा विधि के 10 पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
ग्रंथपाल और क्रीड़ा अधिकारी के भी पद
शिक्षण पदों के अलावा विभाग द्वारा ग्रंथपाल के 50 पद और क्रीड़ा अधिकारी के 25 पद भी भरे जाएंगे। इस तरह कुल मिलाकर 700 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जिससे प्रदेश के महाविद्यालयों में शैक्षणिक और सहायक सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
लोक सेवा आयोग को भेजा गया प्रस्ताव
भर्ती प्रक्रिया के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य शासन के प्रचलित नियमों के अनुसार आरक्षण रोस्टर और विषयवार रिक्तियों का निर्धारण कर विस्तृत रोस्टर तैयार कर लिया है। इसके साथ ही पूरी जानकारी Chhattisgarh Public Service Commission को 24 फरवरी 2026 को भेज दी गई है।
विभाग ने पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, भर्ती नियम, श्रेणीवार पदों की संख्या, परीक्षा का पाठ्यक्रम तथा विज्ञापन का प्रारूप भी आयोग को प्रेषित कर दिया है। आयोग द्वारा प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा।
महाविद्यालयों में मजबूत होगी शिक्षण व्यवस्था
इन पदों पर नियुक्ति से राज्य के शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
अतिथि प्राध्यापकों की भी व्यवस्था
उच्च शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि महाविद्यालयों में शिक्षण कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए स्वीकृत पदों के विरुद्ध अतिथि प्राध्यापकों की नियुक्ति की व्यवस्था पहले से लागू है। यह व्यवस्था सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल और क्रीड़ा अधिकारी के पदों पर भी लागू है।
विभाग के अनुसार वर्तमान में कार्यरत अधिकांश अतिथि शिक्षक पीएच.डी., नेट और सेट जैसी राष्ट्रीय पात्रता परीक्षाओं से योग्य हैं और वे National Education Policy 2020 के प्रावधानों के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण प्रदान कर रहे हैं।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button