ब्रेकिंग न्यूज

आबकारी विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 30 अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले, रायपुर-राजनांदगांव समेत कई जिलों में बदले समीकरण

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ सरकार ने आबकारी विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 30 अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश के अनुसार जिला आबकारी अधिकारियों, सहायक आयुक्तों और उड़नदस्ता प्रभारियों सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। यह आदेश मुख्यमंत्री के समन्वय से जारी किया गया है।

आबकारी आयुक्त पी.एल. एल्मा ने इसे विभाग की नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताते हुए कहा कि बेहतर कार्यप्रणाली और राजस्व वृद्धि के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे बदलाव किए जाते हैं।

राजस्व बढ़ाने और अवैध कारोबार पर नियंत्रण की कवायद

विभागीय सूत्रों के मुताबिक राज्य में आबकारी राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ अवैध शराब के कारोबार और तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से यह तबादला सूची जारी की गई है। लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ अधिकारियों को हटाकOर नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

तबादला सूची में राजधानी रायपुर और राजनांदगांव जिले से जुड़े बदलाव सबसे अधिक चर्चा में हैं।

नवा रायपुर मुख्यालय में पदस्थ सहायक आयुक्त प्रवीण वर्मा को रायपुर जिले का प्रभारी उपायुक्त आबकारी बनाया गया है।

रायपुर के जिला आबकारी अधिकारी राजेश शर्मा को राजनांदगांव में सहायक आयुक्त आबकारी के पद पर पदस्थ किया गया है।

रायपुर स्थित सिलतरा बेवरेजेस कॉर्पोरेशन गोदाम की प्रभारी दीप महीष को अब राज्य स्तरीय उड़नदस्ता, रायपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इन नियुक्तियों को विभाग में नई कार्यशैली और सख्त निगरानी व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा है।

बस्तर से सरगुजा तक असर

सरकार का यह प्रशासनिक निर्णय केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बस्तर और सरगुजा संभाग सहित कई जिलों को प्रभावित किया है।

संभागीय उड़नदस्ता बस्तर में पदस्थ रत्नेश मरावी को सक्ती जिले का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है।

दुर्ग संभाग उड़नदस्ता में कार्यरत शशांक कुमार को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का स्वतंत्र प्रभार दिया गया है।

अजय सिंह धुर्वे, जो अब तक कबीरधाम में पदस्थ थे, उन्हें बिलासपुर संभाग उड़नदस्ता में स्थानांतरित किया गया है।

विभागीय जानकारों का मानना है कि इन बदलावों से मैदानी स्तर पर निगरानी व्यवस्था और मजबूत होगी।

वन-साइडेड रिलीविंग के निर्देश, वेतन पर भी सख्ती

शासन ने तबादलों के क्रियान्वयन को लेकर इस बार सख्त रुख अपनाया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से रिलीव किया जाए।

इसके साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि स्थानांतरित अधिकारी अपनी नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करें। यदि कोई अधिकारी नई जगह ज्वाइन नहीं करता है तो उसका वेतन पुरानी पदस्थापना वाले कार्यालय से आहरित नहीं किया जाएगा।

प्रशासनिक कसावट का संकेत

आबकारी विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल को सरकार की प्रशासनिक कसावट और राजस्व तंत्र को मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में विभागीय कार्यप्रणाली, अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई और राजस्व संग्रहण के क्षेत्र में इसका सीधा असर दिखाई देगा।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button