मरवाही वनमंडल में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई: विवादित प्रभारी रेंजर प्रबल दुबे हटाए गए,ज्योत्स्ना पांडे बनीं नई परिक्षेत्र अधिकारी गौरैला

गौरेला–पेंड्रा–मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)-वन विभाग में लंबे समय से विवादों में रहे प्रभारी परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) प्रबल दुबे को शासन ने उनके पद से हटा दिया है। जारी आदेश के अनुसार उन्हें गौरेला रेंज के प्रभारी रेंजर पद से मुक्त कर दिया गया है और फिलहाल किसी भी प्रकार का प्रभार नहीं सौंपा गया है। आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि प्रबल दुबे की नियुक्ति तत्कालीन सीसीएफ प्रभात मिश्रा द्वारा नियम विरुद्ध तरीके से प्रभारी परिक्षेत्र अधिकारी के रूप में की गई थी। उनके कार्यकाल की शुरुआत से ही विवादों का दौर जारी रहा। दुबे पर बाबी शर्मा के साथ मिलकर फर्जीवाड़ा और लाखों रुपये के गबन के गंभीर आरोप लगाए गए थे। उनके खिलाफ दर्जनों शिकायतें सामने आई थीं और प्रायः समाचार पत्रों में भी उनके विरुद्ध खबरें प्रकाशित होती रही हैं।
लगातार मिल रही शिकायतों और विवादों के बीच अंततः शासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया। उनकी जगह ज्योत्स्ना पांडे को गौरेला की नई परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) के रूप में पदस्थ किया गया है।
नई रेंजर की नियुक्ति के बाद क्षेत्र में सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस बदलाव से वन क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता आएगी।
वन विभाग की इस कार्रवाई को प्रशासनिक सख्ती के रूप में देखा जा रहा है, जिससे यह संदेश गया है कि नियमों के विरुद्ध कार्य करने वालों पर शासन सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।



