*वेलेंटाइन डे पर राजधानी की सड़क बना अखाड़ा, प्रेमिका से छेड़छाड़ को लेकर दो गुटों में मारपीट*
छत्तीसगढ़ उजाला

रायपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। राजधानी में वेलेंटाइन डे के दिन जहां एक ओर प्रेम और उत्सव का माहौल था, वहीं दूसरी ओर मालवीय रोड पर अचानक तनाव की स्थिति बन गई। कोतवाली थाना क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर दो युवकों के गुट आमने-सामने आ गए और सड़क पर ही धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत कथित तौर पर एक युवती से छेड़छाड़ को लेकर हुई। बताया जा रहा है कि एक छात्र अपनी मित्र के साथ मौजूद था, तभी दूसरे समूह के कुछ लड़कों ने कथित रूप से टिप्पणी की। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना स्थल व्यस्त बाजार क्षेत्र होने के कारण राहगीरों और दुकानदारों में भी दहशत फैल गई। हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सूत्रों का कहना है कि दोनों पक्ष कम उम्र के बताए जा रहे हैं और इसी वजह से मामला अब तक थाने नहीं पहुंचा है। संभावना जताई जा रही है कि परिवार स्तर पर समझौते की कोशिश की जा रही है।
गौरतलब है कि वेलेंटाइन डे को लेकर शहर में पहले से पुलिस सतर्क है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। इसके बावजूद मुख्य मार्ग पर हुई इस झड़प ने एक बार फिर युवाओं में बढ़ती आक्रामकता और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन की आवश्यकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




