ब्रेकिंग न्यूज

मल्हार महोत्सव 2026: बैठक में उठा विवाद, अनुभवी टीम को जिम्मेदारी देने की मांग


मल्हार(छत्तीसगढ़ उजाला)-ऐतिहासिक नगरी मल्हार में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध मल्हार महोत्सव 2026 को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच हलचल तेज हो गई है। कलेक्टर बिलासपुर के निर्देश पर नवागंतुक आईएएस सहायक कलेक्टर एवं एसडीएम मस्तूरी अरविंद कुमार ने मल्हार स्थित विश्राम गृह में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की बैठक लेकर महोत्सव के आयोजन पर विस्तार से चर्चा की।
महोत्सव की गरिमा के अनुरूप आयोजन की बात
बैठक को संबोधित करते हुए नगर पंचायत के सीएमओ अनुभव सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रसिद्ध मल्हार महोत्सव अपनी गरिमा और परंपरा के अनुरूप भव्य तरीके से आयोजित होना चाहिए, ताकि इसका लाभ मल्हार नगर सहित पूरे अंचल के लोगों को मिल सके। उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा महोत्सव के संचालन के लिए 20 लाख रुपये का अनुदान स्वीकृत किया गया है, लेकिन आपसी मतभेदों के कारण आयोजन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है।
समिति को लेकर सामने आया विवाद
बैठक के दौरान आयोजन समिति को लेकर मतभेद खुलकर सामने आए। लगभग तीन वर्ष पहले गठित एक समिति के सदस्यों ने दावा किया कि महोत्सव का आयोजन उनकी समिति द्वारा ही कराया जाएगा। वहीं दूसरी ओर वर्ष 2004 में गठित समिति, जिसके अध्यक्ष हेमंत ‘सोनू’ तिवारी हैं, के समर्थकों ने कहा कि कई वर्षों से यही समिति सफलतापूर्वक महोत्सव का आयोजन करती आ रही है और उन्हें आयोजन का व्यापक अनुभव भी है।
2018 के बाद से नहीं हो पाया आयोजन
जानकारी के अनुसार वर्ष 2018 के बाद से सत्ता परिवर्तन और अन्य कारणों के चलते मल्हार महोत्सव का आयोजन नहीं हो पाया। हालांकि हेमंत तिवारी लगातार महोत्सव के आयोजन के लिए प्रयासरत रहे हैं। बताया गया कि उनके प्रयासों से ही पहले मिलने वाली 5 लाख रुपये की अनुदान राशि को बढ़ाकर 20 लाख रुपये तक स्वीकृति दिलाई गई।
अनुभवी समिति को जिम्मेदारी देने की मांग
बैठक में मौजूद अधिकांश जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने यह राय रखी कि महोत्सव का आयोजन ऐसी समिति को सौंपा जाना चाहिए, जिसे इसका अनुभव हो और जो कम लागत में भव्य आयोजन कराने की क्षमता रखती हो। कई लोगों ने हेमंत तिवारी की समिति को आयोजन की जिम्मेदारी देने की मांग भी रखी।
वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले आयोजन की उम्मीद
गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में अब केवल 20 दिन ही शेष हैं, ऐसे में नगरवासी जल्द से जल्द महोत्सव का आयोजन चाहते हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो इस वर्ष भी मल्हार महोत्सव का आयोजन अधर में लटक सकता है।
ये रहे बैठक में मौजूद
बैठक में एसडीएम अरविंद कुमार के अलावा नायब तहसीलदार चांदनी ध्रुव, वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, अरविंद साहू, समिति के पदाधिकारी, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button