ब्रेकिंग न्यूज

महासमुंद में वाहन चेकिंग के दौरान 75 लाख रुपये नकद जब्त, ओडिशा से रायपुर जा रही कार से मिला कैश


महासमुंद(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला में सोमवार को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार से 75 लाख रुपये नकद बरामद किए। कार में दो युवक सवार थे और गाड़ी ओडिशा के कांटाबांजी से रायपुर की ओर आ रही थी। कैश के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर ली और मामले की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को भेज दी है।
टेमरी नाका पर चल रही थी सघन जांच
जानकारी के मुताबिक सोमवार (16 मार्च) को पुलिस टीम टेमरी नाका पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच कर रही थी। सड़क पर कई गाड़ियों को रोककर उनकी तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा के खरियार रोड की ओर से आ रही सफेद होंडा कार (OD 05 PB 2122) को रोककर जांच की गई।
कार में मिले 75 लाख रुपये
जांच के दौरान कार की बीच वाली सीट पर रखे नीले रंग के बैग से 75 लाख रुपये नकद बरामद हुए। यह रकम 500-500 रुपये के नोटों के 150 बंडलों में थी, जिसमें हर बंडल में 100 नोट शामिल थे।
दो लोगों की पहचान
कार चालक की पहचान ओडिशा के बलांगीर जिला के मुंडापला निवासी राजेंद्र महानंद (27) के रूप में हुई। वहीं कार में बैठे दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम महाप्रज्ञ जैन (47) बताया, जो बलांगीर जिले के कांटाबांजी का रहने वाला है।
ज्वेलर्स कारोबार से जुड़ा बताया पैसा
पूछताछ में महाप्रज्ञ जैन ने पुलिस को बताया कि यह राशि सोना-चांदी के व्यापार से संबंधित है। उनका कहना है कि यह पैसा कांटाबांजी से रायपुर के मनोहर मका एंड कंपनी सहित करीब 60 ज्वेलर्स व्यापारियों तक पहुंचाया जाना था।
इनकम टैक्स विभाग को दी गई सूचना
चूंकि मौके पर कैश से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया, इसलिए पुलिस ने पूरे 75 लाख रुपये जब्त कर लिए। मामले की जानकारी आगे की जांच के लिए इनकम टैक्स विभाग को भेज दी गई है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button