ब्रेकिंग न्यूज

नवा रायपुर में 27-28 मार्च को होगा भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन, मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा


रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आज विधानसभा स्थित समिति कक्ष में प्रस्तावित प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनसंपर्क विभाग के सचिव श्री रोहित यादव एवं आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि नवा रायपुर में आगामी 27 और 28 मार्च को भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। आयोजन की अवधारणा रायपुर साहित्य महोत्सव की तर्ज पर विकसित की गई है। सम्मेलन में विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ मूल के नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ वासियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने इसे राज्य और प्रवासी समुदाय, दोनों के लिए नए अवसरों का मंच बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि सम्मेलन में आने वाले प्रवासी अतिथियों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सभी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ी लोक परंपरा, संस्कृति और कला से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही ऐसे प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर राज्य का नाम गौरवान्वित किया है।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ प्रवासी छत्तीसगढ़ियों के साथ युवाओं के लिए मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को करियर और उद्यमिता के क्षेत्र में लाभ मिलेगा। इसके अलावा उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक एवं अन्य क्षेत्रों से जुड़े प्रवासियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा। यदि कोई प्रवासी किसी सेक्टर में निवेश या परियोजना शुरू करने की सहमति देता है, तो उसके साथ एमओयू भी किया जाएगा।
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों की विशेष प्रस्तुति भी रहेगी, जिससे प्रवासियों को अपनी मिट्टी की खुशबू का अहसास कराया जा सके।
बैठक में छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक, आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, स्टेट कैपिटल रीजन के सीईओ श्री अंकित आनंद, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, सचिव गृह श्रीमती नेहा चंपावत, ग्रामोद्योग विभाग के सचिव श्री श्याम धावड़े, श्री चंदन कुमार तथा संस्कृति विभाग के संचालक श्री विवेक आचार्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह सम्मेलन राज्य और प्रवासी छत्तीसगढ़िया समुदाय के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button