राजनांदगांव: डॉ. रमन सिंह ने तीर्थयात्रियों के चरण धोकर किया सम्मान, बोले— रामलला दर्शन योजना आस्था और आध्यात्मिक आनंद का माध्यम

राजनांदगांव(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह ने श्री रामलला दर्शन योजना (अयोध्या धाम यात्रा) के लाभार्थी तीर्थयात्रियों का सम्मान करते हुए उनके चरण धोकर अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने अयोध्या धाम से लौटे श्रद्धालुओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
राजनांदगांव में आयोजित लाभार्थी तीर्थयात्री सम्मान सम्मेलन में शामिल हुए डॉ. रमन सिंह ने प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर लौटे श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनके अनुभव सुने। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित श्री रामलला दर्शन योजना हजारों श्रद्धालुओं के लिए आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक आनंद का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।
डॉ. सिंह ने कहा कि अयोध्या धाम से लौटे श्रद्धालुओं के अनुभव सुनकर मन भावविभोर हो गया। यह योजना केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के दर्शन का सौभाग्य प्रदान करने वाला एक पवित्र अभियान है।
उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा सभी पर बनी रहे तथा उनके आदर्श हमें राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते रहें।
सम्मेलन के दौरान डॉ. रमन सिंह ने अयोध्या धाम से लौटे तीर्थयात्रियों के चरण धोकर उनका सम्मान किया, जिसे उपस्थित लोगों ने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के सम्मान का प्रतीक बताया।
इस संबंध में जानकारी विधायक समर्थक योगेश खत्री ने दी।




