ब्रेकिंग न्यूज

जांजगीर-चांपा: “बाबा बना दरिंदा”—इलाज के बहाने महिला से दुष्कर्म:धर्मशाला से गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक ढोंगी बाबा की शर्मनाक करतूत सामने आई है। खुद को चमत्कारी बताकर लोगों को झांसा देने वाला आरोपी स्वामी निर्मल, इलाज के नाम पर महिला के साथ लगातार अनाचार करता रहा। पुलिस ने आरोपी को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
चमत्कार के नाम पर रचता था जाल
पीड़िता ने 11 अप्रैल को थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी बाबा गांव में पदयात्रा करते हुए पहुंचा था और खुद को चमत्कारी बताकर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा कर रहा था। इसी दौरान पीड़िता अपनी सहेली के साथ उससे मिलने गई, जहां बाबा ने हाथ देखकर इलाज का भरोसा दिलाया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया।
मैहर ले जाकर होटल में किया दुष्कर्म
इसके बाद आरोपी ने 26 मार्च को पीड़िता को पामगढ़ बाजार में बुलाया और प्रसाद देकर अपने साथ चलने के लिए बहलाया। आरोपी के झांसे में आकर पीड़िता उसके साथ पहले बिलासपुर और फिर ट्रेन से मध्य प्रदेश के मैहर पहुंची। वहां एक होटल में ठहरकर आरोपी ने इलाज के नाम पर कई बार जबरदस्ती दुष्कर्म किया। 1 अप्रैल को वह पीड़िता को बिलासपुर में छोड़कर फरार हो गया।
ब्लॉक करने पर बनाई फर्जी प्रोफाइल
घटना के बाद भी आरोपी ने पीड़िता को फोन कर परेशान करना जारी रखा। जब पीड़िता ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, तो उसने इंस्टाग्राम पर उसकी फर्जी प्रोफाइल बनाकर अश्लील फोटो और वीडियो वायरल कर दिए, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से परेशान हो गई।
धर्मशाला से गिरफ्तारी, जुर्म कबूला
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला पहुंची। दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। बाद में उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया।
पुलिस की अपील: ऐसे ढोंगी बाबाओं से सावधान रहें और किसी भी तरह के झांसे में आने से बचें।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button