तिल्दा-नेवरा की चारु पांडेय की बड़ी उपलब्धि, राष्ट्रपति सम्मान के लिए चयन; 23 की उम्र 19 परीक्षाएं पास कर बनीं युवाओं की प्रेरणा

तिल्दा-नेवरा(छत्तीसगढ़ उजाला)-क्षेत्र की प्रतिभाशाली बेटी चारु पांडेय ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिस पर पूरा क्षेत्र गर्व महसूस कर रहा है। महज 23 वर्ष की आयु में उन्होंने 19 विभिन्न सरकारी प्रतियोगी परीक्षाएं सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया है। इतना ही नहीं, उन्हें महामहिम राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किए जाने के लिए भी चयनित किया गया है।
चारु पांडेय, प्रवीण कुमार पाण्डेय एवं सुधा पाण्डेय की इकलौती सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार का बल्कि तिल्दा-नेवरा और पूरे प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
महामहिम राष्ट्रपति से सम्मानित हो चुके जितेन्द्र कुमार शर्मा ने चारु पाण्डेय एवं उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में अनेक प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करना अत्यंत प्रेरणादायक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि चारु ने यह सिद्ध कर दिया है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
ब्राह्मण समाज बलौदाबाजार परिक्षेत्र के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी चारु पांडेय की इस गौरवपूर्ण सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। समाज के लोगों ने कहा कि चारु पांडेय जैसी प्रतिभाएं युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और उनका संघर्ष व सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ निश्चय और निरंतर प्रयास से असंभव दिखने वाले लक्ष्य भी प्राप्त किए जा सकते हैं।
ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार दुबे, संरक्षक जितेन्द्र कुमार शर्मा, प्रीतेश शर्मा, नवकेतन मिश्रा, नीरज शर्मा, मुकेश दीक्षित, महिला मंडल अध्यक्ष अचला शर्मा, श्रद्धा शर्मा, नेहा शर्मा, मंजू तिवारी, रुक्मणी दुबे, रुक्मणी तिवारी, बसंती दीक्षित सहित अन्य गणमान्य सदस्यों ने चारु पांडेय एवं उनके परिवार को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पुनः बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
चारु पांडेय की यह सफलता आज के युवाओं के लिए प्रेरणा है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है।




