छत्तीसगढरायपुर

रायपुर में गांजा तस्कर गिरफ्तार: आम बगीचा के पास बिक्री की फिराक में था आरोपी, 1.2 किलो गांजा और नकदी जब्त

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (ANTF) और डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम गांजा और बिक्री की नगदी रकम 1,000 रुपये बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना डी.डी. नगर क्षेत्र के सरोना स्थित शक्ति घाट के पास आम बगीचा में एक व्यक्ति गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एएनटीएफ और डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई। पुलिस टीम को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुलाब कंडरा (27 वर्ष) पिता बृज कंडरा, निवासी आम बगीचा के सामने, शक्तिघाट सरोना, थाना डी.डी. नगर, जिला रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखी बोरी से 1 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही गांजा बिक्री से संबंधित 1,000 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

पुलिस ने जब्त गांजा और नकदी की कुल कीमत लगभग 61 हजार रुपये आंकी है। आरोपी के खिलाफ थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 360/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गुलाब कंडरा पहले भी एनडीपीएस एक्ट और मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button