शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का झांसा देकर लाखों की ठगी, आरोपी टोमन दास साहू गिरफ्तार

भिलाई(छत्तीसगढ़ उजाला)-शेयर मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी टोमन दास साहू को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ दर्ज दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दीपक गाडगे (37 वर्ष) निवासी न्यू राजेंद्र नगर, अमलीडीह रायपुर तथा उनके पिता पापा राव (63 वर्ष) निवासी सेक्टर-06 भिलाई ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी टोमन दास साहू, निवासी हनुमान मंदिर पुरानी बस्ती सुपेला, ने शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक लाभ दिलाने का भरोसा दिलाकर उनसे लाखों रुपये निवेश करवाए।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने दीपक गाडगे और उनके परिजनों से करीब 23 लाख रुपये, भीष्म महिलांग से 15 लाख रुपये तथा पापा राव से 10 लाख रुपये सहित अन्य लोगों से भी लाखों रुपये की रकम लेकर धोखाधड़ी की। जब निवेशकों को वादा किया गया लाभ नहीं मिला और रकम वापस नहीं की गई, तब उन्होंने पुलिस की शरण ली।
घर और ऑफिस में छापेमारी, कई सामान जब्त
शिकायत की जांच के बाद सुपेला पुलिस ने आरोपी के घर और कार्यालय में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
किया कार – 1 नग,लैपटॉप – 1 नग,सीपीयू – 1 नग,कीबोर्ड – 1 नग,मॉनिटर – 2 नग,चेक बुक – 10 नग,मोबाइल फोन – 2 नग,लेन-देन संबंधी डायरी – 4 नग,ट्रॉफी – 10 नग
सुपेला थाना में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 766/2026 एवं 767/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(2) एवं 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय यादव, उपनिरीक्षक धनेश्वर साहू, चितराम ठाकुर, नमिता टेकाम, प्रधान आरक्षक प्रकाशचंद तिवारी तथा आरक्षक सूर्यप्रताप सिंह सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शेयर मार्केट, ऑनलाइन निवेश योजनाओं या अधिक मुनाफा देने के दावों से जुड़े किसी भी प्रस्ताव पर बिना जांच-पड़ताल के भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधि या निवेश धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।




