जीपीएम में खनिज विभाग का सख्त अभियान जारी, रेत-गिट्टी के अवैध परिवहन मे लगे 7 वाहन जब्त, खनिज माफियाओं में हड़कंप

जीपीएम(छत्तीसगढ़ उजाला)-कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के सख्त निर्देशों के बाद जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। खनिज विभाग की टीम ने मरवाही क्षेत्र में रेत और गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त 7 वाहनों को जब्त कर बड़ी कार्रवाई की है, जिससे खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में मरवाही के पीपरडोल और दुपटिया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए रेत एवं गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 7 वाहनों को पकड़ा गया।
खनिज विभाग ने संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अर्थदंड एवं समझौता राशि शासन के खनिज मद में जमा कराने के बाद ही जब्त वाहनों को मुक्त किया जाएगा।
कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने साफ शब्दों में कहा है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, नगर सैनिक सतीश साहू एवं साहिब गनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




