ब्रेकिंग न्यूज

जी. पी. एम.:-अवैध खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: 2 जेसीबी समेत 6 वाहन जप्त

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)-जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाकर अवैध रेत एवं मुरुम उत्खनन/परिवहन में संलिप्त 2 जेसीबी, 3 ट्रैक्टर और 1 टिप्पर वाहन को जप्त किया है।

जानकारी के अनुसार, टिकरकला क्षेत्र से अवैध गतिविधियों में लिप्त 1 जेसीबी वाहन को पकड़ा गया। वहीं रूमगा क्षेत्र में जांच के दौरान 1 टिप्पर और 1 ट्रैक्टर वाहन अवैध परिवहन करते पाए गए। इसके अलावा कोटमी क्षेत्र में मुरुम उत्खनन करते हुए 1 जेसीबी और 1 ट्रैक्टर को जप्त किया गया। साथ ही अवैध रेत परिवहन में लगे 1 ट्रैक्टर वाहन पर भी कार्रवाई की गई।

खनिज विभाग ने सभी वाहन स्वामियों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अर्थदंड एवं समझौता राशि जमा कराने के बाद ही वाहनों को मुक्त किया जाएगा।

प्रशासन ने साफ कहा है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

कार्रवाई दल में शामिल अधिकारी-कर्मचारी
आदित्य मानकर — सहायक खनि अधिकारी
सुजीत कंवर — खनि निरीक्षक
शिवकुमार लहरे — खनि सिपाही
सतीश साहू — नगर सैनिक

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button