ब्रेकिंग न्यूज

रायपुर में पेट्रोल को लेकर बढ़ी हलचल: कलेक्टर ने बुलाई पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक, अधिकारी बोले —अफवाहों पर न दें ध्यान, फ्यूल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पेट्रोल पंपों पर अचानक लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। सोशल मीडिया और बाजार में फैल रही अफवाहों के चलते लोग सामान्य से अधिक मात्रा में पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं, जिससे कई जगहों पर भीड़ की स्थिति बन गई है। हालात को देखते हुए रायपुर कलेक्टर ने पेट्रोल पंप एसोसिएशन और पेट्रोल सप्लाई कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक की।

बैठक में अधिकारियों ने साफ किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना जरूरत अतिरिक्त फ्यूल स्टॉक करने से बचें।

अधिकारियों के मुताबिक, पहले जहां लोग 1-2 लीटर पेट्रोल भरवाते थे, वहीं अब बड़ी संख्या में लोग फुल टैंक करवा रहे हैं। इसी वजह से पेट्रोल पंपों पर अचानक दबाव बढ़ गया है और कतारें लग रही हैं।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कलेक्टर ने डिपो से पेट्रोल सप्लाई व्यवस्था को 24 घंटे जारी रखने के निर्देश दिए हैं। पहले टैंकरों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक ही एंट्री की अनुमति थी, लेकिन अब लगातार सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि किसी भी पंप पर फ्यूल की कमी न हो।

हालांकि, कई लोगों का कहना है कि शहर के कुछ पेट्रोल पंप बंद मिले और कहीं-कहीं पेट्रोल उपलब्ध नहीं होने की सूचना भी सामने आई, जिसके कारण लोग एहतियातन लाइन में लगकर पेट्रोल भरवा रहे हैं।

वहीं बिलासपुर में स्थिति कुछ ज्यादा प्रभावित नजर आई। शहर और आउटर क्षेत्र के करीब 13 पेट्रोल पंप पूरी तरह ड्राई हो गए। जानकारी के अनुसार, कुछ पंप संचालकों द्वारा तेल कंपनियों को समय पर भुगतान नहीं किए जाने के कारण टैंकर नहीं पहुंचे थे। अब भुगतान कर दिया गया है और डिपो से दोबारा सप्लाई शुरू हो चुकी है।

बिलासपुर कलेक्टर ने एहतियात के तौर पर कमर्शियल उपयोग के लिए पेट्रोल-डीजल देने पर अस्थायी रोक लगा दी है। प्रशासन का कहना है कि जिले में बड़ी शॉर्टेज जैसी स्थिति नहीं है और तेल कंपनियों के माध्यम से सप्लाई तेजी से बहाल की जा रही है।

इधर दुर्ग, रायगढ़ और सरगुजा जिलों में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और वहां किसी बड़े संकट की सूचना नहीं है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button