कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव समेत 17 नेताओं पर FIR, मंत्री के बेटे की शिकायत पर कार्रवाई

बेमेतरा(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के ग्राम झिरिया में पिछले दिनों हुए कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर अब सियासत तेज हो गई है। खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल के पुतले की शव यात्रा निकालने के मामले में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव सहित 17 कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला जिले के चंदनु थाना में दर्ज हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, मंत्री दयाल दास बघेल के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। शिकायत में कहा गया है कि उनके पिता जीवित हैं, इसके बावजूद कांग्रेसियों द्वारा उनकी “शव यात्रा” निकालना हिंदू धर्म की भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि हिंदू परंपरा में किसी व्यक्ति की शव यात्रा निकालने का अधिकार केवल उसके पुत्र को होता है, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने राजनीतिक प्रदर्शन के दौरान मंच से मंत्री की “मौत” की घोषणा की और दो मिनट का मौन रखकर उनकी सामाजिक एवं राजनीतिक छवि धूमिल करने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि ग्राम झिरिया में गोवंशों की लगातार मौत को लेकर कांग्रेस ने यह प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान मंत्री के पुतले की शव यात्रा निकाली गई थी, जिसके बाद यह मामला विवादों में आ गया।
इधर एफआईआर दर्ज होने के बाद विधायक देवेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वे जेल जाने से नहीं डरते और यदुवंशी होने के नाते गौवंश की रक्षा के लिए हमेशा लड़ाई लड़ते रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल चुनाव के समय गौ माता के नाम पर राजनीति करती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद गोवंशों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं रहती।
देवेंद्र यादव ने कहा कि ग्राम झिरिया में लगातार गौवंशों की मौत हो रही थी और कांग्रेस कार्यकर्ता लंबे समय से प्रशासन के सामने यह मुद्दा उठा रहे थे, लेकिन जब शासन-प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की, तब मजबूर होकर बड़ा विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज उठाना अपराध नहीं है और कांग्रेस इस मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है।



