मनेन्द्रगढ़ में अवैध शराब के कारोबार पर साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई, 340 नग गोवा व्हिस्की जब्त; शराब दुकान मैनेजर भी गिरफ्तार
एम. सी. बी. (छत्तीसगढ़ उजाला)-एमसीबी जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर सेल मनेन्द्रगढ़ और थाना झगराखंड की संयुक्त टीम ने घुटरी टोला बॉरिअर के पास घेराबंदी कर 340 नग गोवा अंग्रेजी व्हिस्की के पाव बरामद किए हैं। जब्त शराब की कुल मात्रा 61.2 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 40 हजार 800 रुपये है।
पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया है। शराब और वाहनों समेत कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 1.40 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में शराब दुकान के मैनेजर समेत आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, साइबर सेल मनेन्द्रगढ़ की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का परिवहन कर उसे खपाने की तैयारी में हैं। सूचना की तस्दीक के बाद साइबर सेल और थाना झगराखंड की संयुक्त टीम ने घुटरी टोला बॉरिअर के पास घेराबंदी की।
संदिग्धों की तलाशी लेने पर दो प्लास्टिक बोरियों में 340 नग गोवा अंग्रेजी व्हिस्की के पाव मिले। प्रत्येक पाव 180 एमएल का था। इस तरह कुल शराब की मात्रा 61.200 लीटर निकली। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया हैं
पूछताछ के दौरान पुलिस को शराब के पौराधार स्थित अंग्रेजी शराब दुकान से जुड़े होने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शराब को पौराधार शराब दुकान से लाकर अवैध रूप से खपाने की बात बताई।
इसके बाद पुलिस ने मामले में पौराधार शराब दुकान के मैनेजर विनोद सिंह, उम्र करीब 50 वर्ष, निवासी पौराधार के खिलाफ भी कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार किया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
राघवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रामबाबू, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 14, मनेन्द्रगढ़।
अरुण कुमार केवट, उम्र करीब 34 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 14, मनेन्द्रगढ़।
विनोद सिंह, उम्र करीब 50 वर्ष, निवासी पौराधार, शराब दुकान मैनेजर।
पुलिस के मुताबिक, मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश लगातार की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने—340 नग गोवा व्हिस्की के पाव,कुल 61.2 लीटर अंग्रेजी शराब
शराब की अनुमानित कीमत ₹40,800
शराब परिवहन में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल
शराब और वाहनों समेत करीब ₹1.40 लाख का कुल मशरूका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में एमसीबी जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थ और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि साइबर सेल द्वारा तकनीकी इनपुट और मुखबिर तंत्र के माध्यम से अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जिले में अवैध शराब का परिवहन, भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में साइबर सेल मनेन्द्रगढ़ की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, प्रधान आरक्षक पुष्कल सिन्हा, आरक्षक प्रमोद यादव, भूपेंद्र यादव, दीप नारायण तिवारी और राकेश तिवारी शामिल रहे।
वहीं थाना झगराखंड की टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक वासुदेव परगनिहा, खोंगापानी चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक राकेश शर्मा, प्रधान आरक्षक शम्भू यादव, आरक्षक रवि शर्मा और वीरेंद्र गुप्ता तथा सैनिक कमलेश एवं रोहित की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला पुलिस एमसीबी ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।




