ब्रेकिंग न्यूज

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने किया 37 करोड़ की ईब व्यपवर्तन योजना का भूमिपूजन, 10 से अधिक गांवों को मिलेगा सिंचाई लाभ

जशपुरनगर(छत्तीसगढ़ उजाला)-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने आज कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ईब व्यपवर्तन योजना के मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लागत 37 करोड़ 09 लाख 63 हजार रुपए निर्धारित की गई है।


योजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के 10 से अधिक गांवों के किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे कृषि उत्पादकता में वृद्धि होगी और किसानों की आय बढ़ने की उम्मीद है। क्षेत्र के किसान वर्तमान में धान के साथ-साथ गेहूं, उद्यानिकी फसलों एवं विभिन्न प्रकार की सब्जियों की खेती बड़े पैमाने पर करते हैं। मजबूत सिंचाई व्यवस्था से वर्षभर खेती संभव होगी और किसान बहुफसली खेती की ओर भी आगे बढ़ सकेंगे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कौशल्या साय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हित में दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में शुरू की गई “बगिया समृद्धि एम-कैड योजना” के माध्यम से 13 गांवों के लगभग 5 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।


उन्होंने कहा कि किसान हितैषी राज्य सरकार ने इस वर्ष सिंचाई बजट में ऐतिहासिक वृद्धि करते हुए 4 हजार 400 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। साथ ही वर्षों से लंबित सिंचाई परियोजनाओं और जीर्णोद्धार कार्यों को दोबारा गति दी जा रही है। इन योजनाओं के जरिए प्रदेशभर में लगभग 76 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार किया जाएगा।


कौशल्या साय ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए राज्य सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल और 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और ग्रामीण विकास को गति देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।


ग्रामीणों और किसानों ने इस महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं राज्य सरकार के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि योजना पूरी होने के बाद खेती के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा, जिससे कृषि कार्य आसान होगा और गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी।


इस अवसर पर जिला जनपद पंचायत अध्यक्ष सुशीला साय, जिला पंचायत सदस्य आरती सिंह एवं मालिता बाई, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बालेश्वर यादव, जनपद सदस्य संजय कुमार, संतोष सहाय, उमेश यादव, अनूपनारायण, शंकर यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसान उपस्थित थे

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button