विश्व रेड क्रॉस दिवस पर रायपुर के शासकीय मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में होगा भव्य राज्य स्तरीय आयोजन

2000 से अधिक युवा, स्वयंसेवक और सामाजिक कार्यकर्ता होंगे शामिल, सेवा-संकल्प का बनेगा बड़ा मंच
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आज एक भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। राज्यपाल एवं रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री रमेन डेका के संरक्षण और मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम “मानव सेवा ही सर्वोच्च सेवा” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ 8 मई 2026 को सुबह 10:30 बजे शासकीय मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में होगा। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी होंगे, जबकि अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे। उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रूपल पुरोहित ने बताया कि आयोजन में प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से 2000 से अधिक छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवक और सामाजिक कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान समूह नृत्य, नाटक, प्रहसन और चित्रकला जैसी सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से रेड क्रॉस के सिद्धांतों और मानव सेवा के संदेश को प्रस्तुत किया जाएगा। रक्तदान, अंगदान, नशामुक्ति, महिला स्वास्थ्य, प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन जैसे सामाजिक सरोकारों पर आधारित प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
अपरान्ह 4:30 बजे आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह होंगे। समारोह की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव करेंगे। इस दौरान समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवकों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
सोसायटी के चेयरमैन श्री तोमन साहू, वाइस चेयरमैन श्री रुपेश कुमार पाणिग्राही और कोषाध्यक्ष श्री संजय पटेल ने कहा कि रेड क्रॉस केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और सेवा का वैश्विक प्रतीक है। यह आयोजन युवाओं को समाजहित में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा और सेवा भावना को नई ऊर्जा देगा।




