ब्रेकिंग न्यूज

आस्था पर हमला: प्राचीन मंदिर में प्रतिमा खंडित, धार्मिक ध्वज जलाए—महिलाएं रो पड़ीं,विहीप ने सख्त कार्रवाई की उठाई मांग

जशपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के आस्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत धरधरी गांव में स्थित प्राचीन बम्हनी माता मंदिर में रविवार देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने गंभीर घटना को अंजाम दिया। मंदिर में स्थापित माता की प्रतिमा को खंडित कर दिया गया, वहीं परिसर में लगे धार्मिक झंडों को आग के हवाले कर दिया गया।
सुबह का मंजर देख रो पड़ीं महिलाएं
सोमवार सुबह जब ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं, रोज की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचीं तो वहां का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गईं। इस घटना से उनकी धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची। कई महिलाएं भावुक होकर रो पड़ीं, जिससे पूरे गांव में गुस्से और दुख का माहौल बन गया।
विहिप का विरोध, सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस अलर्ट मोड में, जांच तेज
इधर, पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जशपुर SDOP और आस्ता थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
इलाके में तनाव, आंदोलन की चेतावनी
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि दोषियों को जल्द नहीं पकड़ा गया तो आंदोलन किया जाएगा।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button