छत्तीसगढरायगढ़

रायगढ़ दौरे पर डीजीपी अरुण देव गौतम: कानून-व्यवस्था, स्मार्ट पुलिसिंग और जनसहभागिता को लेकर दिए बड़े निर्देश

रायगढ़ में डीजीपी की सख्त समीक्षा: बीट सिस्टम मजबूत करने और निष्पक्ष पुलिसिंग के निर्देश
जनसहभागिता, ट्रैफिक सुधार और त्वरित न्याय पर फोकस, फायर यूनिट व छठवीं वाहिनी का निरीक्षण
रायगढ़(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने अपने सरगुजा रेंज दौरे के दौरान जशपुर से रायगढ़ पहुंचकर जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था की गहन समीक्षा की। रक्षित केंद्र स्थित ऑफिसर्स मेस में आयोजित बैठक में उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों को कई अहम दिशा-निर्देश दिए।
डीजीपी गौतम ने बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने पर जोर देते हुए बीट प्रणाली को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत बीट सिस्टम से सूचनाओं का बेहतर संकलन होता है और अपराध नियंत्रण में सहायता मिलती है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर शिकायतकर्ता की बात स्वयं सुनें और उस पर त्वरित एवं उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्थानीय स्तर पर विवादों को समय रहते सुलझाने और आमजन से सतत संवाद बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया। साथ ही कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने, जनता के साथ विश्वास कायम करने और रायगढ़ शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
निष्पक्ष और पारदर्शी पुलिसिंग पर जोर
डीजीपी ने साफ कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए। किसी भी मामले में पक्षपात की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए और हर कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष पुलिसिंग से ही जनता का भरोसा मजबूत होता है।
न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
उन्होंने समंस और वारंट की समय पर तामिली तथा विशेषज्ञों की रिपोर्ट समय पर न्यायालय में प्रस्तुत करने पर जोर दिया, जिससे न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आए और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
फायर यूनिट और पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर का निरीक्षण
अपने दौरे के दौरान डीजीपी ने होमगार्ड रायगढ़ की फायर यूनिट का निरीक्षण किया और फायर ब्रिगेड वाहनों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने संसाधनों की जानकारी लेते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के फायर वाहनों को शीघ्र संबंधित जिले में भेजने के निर्देश दिए, जिसके लिए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी से चर्चा की गई।
इसके बाद उन्होंने छठवीं वाहिनी का निरीक्षण कर साफ-सफाई और बुनियादी ढांचे में सुधार के निर्देश दिए।
पुलिसिंग की सराहना और भविष्य की रणनीति
सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में डीजीपी ने बताया कि वर्तमान समय में पुलिसिंग का मूल मंत्र समाज के साथ विश्वास स्थापित कर अपराध नियंत्रण करना है। उन्होंने एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली को सराहनीय बताया।
साइबर अपराधों के संदर्भ में उन्होंने बताया कि म्यूल अकाउंट्स पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है और सीसीटीएनएस के उन्नयन के साथ संसाधनों में वृद्धि की जा रही है। साथ ही जल्द ही नव नियुक्त सब-इंस्पेक्टरों की तैनाती से पुलिस बल को और मजबूती मिलेगी।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button