बड़ी खबर : मरवाही में हाईप्रोफाइल ठगी का खुलासा – पेट्रोल पंप संचालक से फर्जी रेत ऑर्डर के नाम पर 1.69 करोड़ की ठगी

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही:- जिले में ठगी का एक हाई-प्रोफाइल मामला सामने आया है, जिसने पुलिस से लेकर आम नागरिकों तक सभी को हैरान कर दिया है। मरवाही थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप संचालक से करोड़पति बनाने का झांसा देकर फर्जी रेत ठेका दिलाने के नाम पर 1 करोड़ 69 लाख रुपये हड़प लिए गए। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने चार लोगों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन फरार हैं।
करोड़ों का लालच और जालसाजी
मरवाही थाना क्षेत्र के रहने वाले पेट्रोल पंप मालिक अमित गुप्ता को आरोपियों ने यह कहकर फंसाया कि उन्हें मध्यप्रदेश में रेत का बड़ा वर्क ऑर्डर मिला है। गुप्ता को यकीन दिलाने के लिए आरोपियों ने नकली दस्तावेज तैयार कर दिखाए और भारी मुनाफे का भरोसा दिया। गुप्ता लालच और विश्वास के बीच फंस गए और धीरे-धीरे कुल 1.69 करोड़ रुपये आरोपियों को सौंप दिए।
शुरुआत में ठग गिरोह उन्हें झूठे बहाने देकर टालते रहे, लेकिन जब गुप्ता ने खुद मौके पर जाकर जानकारी ली तो पूरी हकीकत सामने आ गई। वहां किसी तरह का काम नहीं हो रहा था और सभी दस्तावेज फर्जी निकले।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की शिकायत मिलते ही मरवाही पुलिस ने नरेंद्र शर्मा, अरविंद शर्मा, संतोष सिंह और विकास सिंह के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 336(4), 338, 340(2) व 61(2)(a) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने ग्राम लालपुर (थाना गौरेला) से आरोपी नरेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बाकी तीन आरोपियों की तलाश जारी है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
आमजन के लिए सबक
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना इस बात का स्पष्ट उदाहरण है कि बिना ठोस जांच और प्रमाणिक दस्तावेजों की पुष्टि किए बड़े वित्तीय लेन-देन नहीं करने चाहिए। पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चलाती है ताकि लोग ऐसे जालसाजों से बच सकें। यह मामला बताता है कि कैसे ठग गिरोह भरोसे का फायदा उठाकर करोड़ों की ठगी को अंजाम देते हैं।




