सेजेस डॉ. बी.आर. अंबेडकर में 76 बालिकाओं को मिली सरस्वती साइकिल, विधायक अमर अग्रवाल ने दिया शिक्षा और नशामुक्ति का संदेश
बिलासपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-शहर के सत्यम टॉकीज चौक स्थित स्वामी आत्मानंद डॉ. बी.आर. अंबेडकर विद्यालय में मंगलवार को सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल ने सरस्वती साइकिल योजना के तहत 76 बालिकाओं को साइकिल वितरित की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, राष्ट्रभावना, व्यक्तित्व विकास, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर संवाद किया।
बालिका शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। साइकिल मिलने से छात्राओं के लिए विद्यालय तक आवागमन आसान होता है और पढ़ाई बीच में छोड़ने की संभावना कम होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास का आधार है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में वर्ष 2004 में बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने के लिए साइकिल उपलब्ध कराने की पहल की गई थी, जिसे बाद में अन्य राज्यों ने भी अपनाया। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के भविष्य का निर्माता बताते हुए पूरी लगन और अनुशासन के साथ शिक्षा प्राप्त करने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों के साथ किया ‘वंदेमातरम्’ का सामूहिक गायन
‘वंदेमातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल ने विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति गौरव, समर्पण और देशभक्ति की भावना मजबूत होती है।
विद्यालय विकास के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान विधायक अमर अग्रवाल ने विद्यालय की अधोसंरचना और विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं का विकास जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई। विधायक ने कहा कि स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त युवा ही विकसित और सशक्त भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं।
‘भारत विश्वगुरु कैसे बनेगा?’ सवाल पर विद्यार्थियों से सीधा संवाद
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान एक छात्र ने विधायक अमर अग्रवाल से पूछा कि भारत विश्वगुरु कैसे बनेगा? इस पर उन्होंने कहा कि शिक्षा को केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं रखना चाहिए। शिक्षा के माध्यम से ज्ञान, व्यक्तित्व, संस्कार और जीवन-मूल्यों का विकास होना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से व्यक्तित्व विकास, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जब व्यक्ति स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास करता है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव परिवार, समाज और राष्ट्र पर भी पड़ता है।
अगले सत्र से शुरू होगा कॉमर्स विषय
विद्यालय के प्राचार्य के आग्रह पर विधायक अमर अग्रवाल ने अगले शैक्षणिक सत्र से सेजेस डॉ. बी.आर. अंबेडकर विद्यालय में कॉमर्स विषय शुरू करने के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की रुचि, क्षमता और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में विधायक ने बाल कैबिनेट को शपथ दिलाते हुए विद्यालय के विकास में विद्यार्थियों की भागीदारी और जिम्मेदारी के महत्व पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर शाला विकास समिति के संरक्षक महेश चंद्रिका पुरे, शाला प्राचार्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण, पालक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विधायक अमर अग्रवाल ने बालिका शिक्षा, युवा विकास, राष्ट्रभावना, नशामुक्ति और विद्यालयीन अधोसंरचना के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को रेखांकित किया।



