ब्रेकिंग न्यूज

पेंड्रा के शिव मंदिर में विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति द्वारा 108वें हनुमान चालीसा पाठ का भव्य उद्यापन, महाआरती और विशेष अनुष्ठान क़े साथ सम्पन्न हुआ

पेंड्रा(छत्तीसगढ़ उजाला)-सनातन संस्कृति, भक्ति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम शनिवार को पेंड्रा स्थित शिव मंदिर में देखने को मिला, जहां विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति के तत्वावधान में लगातार आयोजित किए जा रहे साप्ताहिक हनुमान चालीसा पाठ का 108वां आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर मंदिर परिसर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।

108वें हनुमान चालीसा पाठ की पूर्णाहुति के उपलक्ष्य में आयोजित उद्यापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, श्रद्धालु एवं नगरवासी शामिल हुए। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और वातावरण “जय श्री राम” तथा “बजरंग बली की जय” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।

वैदिक मंत्रोच्चार और महाआरती से भक्तिमय हुआ माहौल
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्ण विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजन-अर्चन के साथ हुई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्रद्धा और उत्साह के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया। पाठ की पूर्णाहुति के पश्चात भगवान हनुमान जी एवं भगवान शिव की विशेष महाआरती उतारी गई, जिसमें शंखध्वनि, घंटों की गूंज और भक्ति गीतों ने माहौल को अत्यंत दिव्य बना दिया।
इस पावन अवसर पर प्रभु को विशेष भोग अर्पित किया गया तथा महाआरती के बाद उपस्थित सभी भक्तों एवं नगरवासियों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।

विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति की पदाधिकारियों ने बताया कि समाज में संस्कार, संगठन और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से यह साप्ताहिक हनुमान चालीसा पाठ प्रारंभ किया गया था। लगातार 108 सप्ताह तक बिना रुके इस अनुष्ठान का सफल आयोजन कार्यकर्ताओं की निष्ठा और श्रद्धालुओं के सहयोग का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के नेतृत्व में यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ा जा सके।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत “सुदामा चरित्र” की आकर्षक झांकी ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बाल कलाकारों की प्रस्तुति को लोगों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर कथावाचक श्री रामचंद्र महाराज, स्वामी कृष्णप्रपन्नाचार्य जी महाराज, विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष हर्ष छाबरिया, उपाध्यक्ष सरोज पवार, बाबूलाल पांडे, नत्थू प्रसाद गुप्ता, मातृशक्ति संयोजिका प्रिया त्रिवेदी, सह संयोजिका विभा तिवारी, मीनू पांडे, रुकमणि तिवारी, रामेश्वरी धुर्वे, अनीता माझी, कंचन मिश्रा, उषा गुप्ता, सुमन यादव, समृद्धि, पूजा, इंद्रावती, गायत्री, वैशाली पांडे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

वहीं झांकी प्रस्तुति में श्रियांशी, आयु, प्रियल, हिमांशु, पीहू, परी, आकांक्षित और गुंजन ने अपनी सहभागिता से कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button