ब्रेकिंग न्यूज

बिलासपुर केंद्रीय जेल में 20 साल की सजा काट रहे दुष्कर्म दोषी बंदी की मौत, सीने में दर्द के बाद सिम्स ले जाते समय तोड़ा दम

नाबालिग से दुष्कर्म और अपहरण के मामले में था दोषी, कई दिनों से था बीमार; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा

बिलासपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-बिलासपुर केंद्रीय जेल में नाबालिग से दुष्कर्म और अपहरण के मामले में 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा काट रहे एक बंदी की सोमवार को मौत हो गई। बंदी पिछले कई दिनों से बीमार चल रहा था। सोमवार सुबह अचानक सीने में तेज दर्द उठने पर उसे तत्काल सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान प्रभु कुमार मनहर के रूप में हुई है, जो पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम विद्याडीह टांगर का निवासी था। वह नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में न्यायालय से दोषी ठहराया गया था। अदालत ने उसे 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद से वह बिलासपुर केंद्रीय जेल में निरुद्ध था।

जेल प्रशासन के अनुसार, प्रभु कुमार मनहर की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब थी और उसका इलाज केंद्रीय जेल अस्पताल में चल रहा था। सोमवार को अचानक उसकी तबीयत अधिक बिगड़ गई और सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उसे तत्काल सिम्स अस्पताल भेजा गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2024 को आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। परिजनों की शिकायत पर पचपेड़ी थाना में अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। विवेचना और न्यायालयीन सुनवाई के बाद आरोपी को दोषी करार देते हुए 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई थी।

घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल जेल प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटा हुआ है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button