ब्रेकिंग न्यूज

कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई: अवैध खनिज परिवहन में लगे 4 वाहन जब्त

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 टिप्पर और 3 ट्रैक्टर सहित कुल 4 वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल द्वारा की गई।

जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध रूप से रेत, गिट्टी और मिट्टी/मुरूम के परिवहन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों को पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान शिलपहरी क्षेत्र से खनिज रेत से भरे 2 ट्रैक्टर, सधवानी से खनिज गिट्टी से भरा 1 ट्रैक्टर तथा भदौरा से खनिज मिट्टी/मुरूम से भरा 1 टिप्पर जब्त किया गया।

खनिज विभाग ने बताया कि सभी वाहन मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। निर्धारित अर्थदंड एवं समझौता राशि संबंधित खनिज मद में जमा कराने के बाद ही जब्त वाहनों को छोड़ा जाएगा।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन और आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ नियमित अभियान जारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इस कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे तथा नगर सैनिक सतीश साहू की प्रमुख भूमिका रही।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button