ब्रेकिंग न्यूज

कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में ‘यशस्वी जशपुर’ अभियान: बेहतर परीक्षा परिणाम और शिक्षा गुणवत्ता के लिए प्राचार्यों-शिक्षकों का उन्मुखीकरण

जशपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बोर्ड परीक्षाओं के बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर रोहित व्यास एवं जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में ‘यशस्वी जशपुर’ कार्यक्रम के तहत संकल्प शिक्षण संस्थान, जशपुर में एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्यों के साथ-साथ हिंदी, संस्कृत, गणित एवं सामाजिक विज्ञान विषय के शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मास्टर ट्रेनर संजय दास द्वारा मां सरस्वती की वंदना से हुई। इसके बाद शिक्षकों के साथ ब्रेनस्टॉर्मिंग सत्र आयोजित कर विद्यालयों के कमजोर परीक्षा परिणामों के कारणों पर विस्तार से चर्चा की गई।

यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता ने प्राचार्यों को नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास एवं प्रभावी शैक्षणिक प्रबंधन पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय की शैक्षणिक सफलता का आधार उसके प्राचार्य का नेतृत्व होता है। प्राचार्य केवल प्रशासनिक अधिकारी नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य के निर्माता और पूरे विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। उनका समर्पण और कार्यशैली पूरे स्टाफ को सकारात्मक दिशा प्रदान करती है।

उन्होंने कक्षा 10वीं के व्याख्याताओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल वेतन के लिए नौकरी करने तक सीमित न रहें, बल्कि सेवाभाव और कर्तव्यनिष्ठा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को अपना लक्ष्य बनाएं। उन्होंने कहा कि एक समर्पित शिक्षक शिक्षा को रोजगार नहीं, बल्कि समाज निर्माण का माध्यम मानकर कार्य करता है।

प्रशिक्षण के दौरान माइंड मैपिंग के माध्यम से शिक्षकों को कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर ग्रोथ जोन में कार्य करने, बेहतर उत्पादकता बढ़ाने और विद्यालयों की शिक्षा गुणवत्ता में सुधार लाने के व्यावहारिक उपाय बताए गए।

इस अवसर पर पूरे शैक्षणिक सत्र की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसमें बैकलॉग लर्निंग, विद्यार्थियों का नियमित मार्गदर्शन, प्रत्येक कालखंड में गुणवत्तापूर्ण अध्यापन, सतत मूल्यांकन, नियमित उपस्थिति, गृहकार्य, समयबद्ध पाठ्यक्रम पूर्णता, अंतिम कालखंड में उपचारात्मक (रिमेडियल) कक्षाओं का संचालन तथा प्रतिदिन के रिवीजन के लिए लर्निंग पॉइंट्स के साथ विद्यार्थी दैनंदिनी लेखन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया गया।

मास्टर ट्रेनर्स ने विभिन्न विषयों के पाठ्यक्रम एवं परीक्षा उपयोगी कंटेंट पर भी विस्तृत चर्चा करते हुए बेहतर शिक्षण पद्धतियों की जानकारी साझा की, जिससे विद्यार्थियों के सीखने के स्तर और परीक्षा परिणामों में सुधार लाया जा सके।

उल्लेखनीय है कि 22 जून से प्रारंभ हुए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय सहित मास्टर ट्रेनर्स संजय दास, राजेंद्र प्रेमी, विजय साहू, अश्विनी सिंह, सुभाष चौरसिया, विनय कुमार मानिकपुरी, कुमुदिनी तिर्की, प्रभा चौहान, विंध्याचल शर्मा, दिलीप सिंह, भूमिका बाघव, कौशिल्या भट्टर एवं हितेंद्र साहनी की सक्रिय सहभागिता रही।

इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों और प्राचार्यों की क्षमता का विकास कर विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करना तथा विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सुधार लाना है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button