ब्रेकिंग न्यूज

अभाविप कोरिया (एमसीबी) में नई ऊर्जा का संचार : बलबीर पुषाम पुनः जिला संयोजक, सरिता सिंह को जिला छात्रा प्रमुख दायित्व

कोरिया/एमसीबी(छत्तीसगढ़ उजाला)-अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) छत्तीसगढ़ के प्रदेश अभ्यास वर्ग का आयोजन 12 से 15 जून तक गरियाबंद जिले के राजिम में संपन्न हुआ। चार दिवसीय इस महत्वपूर्ण आयोजन के समापन अवसर पर संगठन ने आगामी कार्यकाल के लिए विभिन्न दायित्वों की घोषणा की, जिसमें कोरिया (एमसीबी) जिले के कार्यकर्ताओं को भी अहम जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

संगठन ने जिले के सक्रिय एवं संघर्षशील छात्र नेता बलबीर पुषाम पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें जिला संयोजक नियुक्त किया है। वहीं सरिता सिंह को जिला छात्रा प्रमुख तथा अशोक यादव को पुनः जिला विद्यार्थी विस्तारक का दायित्व सौंपा गया है। घोषणा के बाद जिलेभर के कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखा गया।

बलबीर पुषाम लंबे समय से अभाविप से जुड़े हुए हैं और संगठन में नगर मंत्री एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। शिक्षा, शुल्क वृद्धि, छात्र सुविधाओं और छात्र अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रिय भूमिका के कारण छात्र समुदाय में उनकी मजबूत पहचान बनी है।

संगठन के पदाधिकारियों का मानना है कि उनकी पुनर्नियुक्ति से जिले में संगठनात्मक विस्तार को नई गति मिलेगी और छात्रहित से जुड़े आंदोलनों को और मजबूती मिलेगी।

नवनियुक्त जिला छात्रा प्रमुख सरिता सिंह जनजातीय समाज से आने वाली एक सक्रिय छात्रा एवं उभरती हुई युवा नेतृत्वकर्ता हैं। वर्तमान में वे अभाविप मनेंद्रगढ़ नगर सह मंत्री के साथ-साथ खेलो भारत प्रांत टोली सदस्य, छत्तीसगढ़ का दायित्व भी निभा रही हैं।

सरिता ने विभिन्न राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित किया है। खेल, संगठन और छात्र नेतृत्व के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उन्हें छात्राओं के बीच एक लोकप्रिय एवं प्रेरणादायी चेहरा बनाया है। संगठन को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में छात्राओं की भागीदारी और सशक्त होगी तथा महिला नेतृत्व को नए आयाम मिलेंगे।

पुनः जिला संयोजक नियुक्त होने पर बलबीर पुषाम ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने कहा, “अभाविप ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। छात्रहित, शिक्षा और युवाओं के मुद्दों को लेकर पहले से अधिक सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करूंगा। संगठन की विचारधारा और उद्देश्यों को लेकर जिले के प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुंचने का प्रयास रहेगा।”

अभाविप की नई जिला टीम की घोषणा को संगठन के विस्तार और छात्र नेतृत्व को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button