छत्तीसगढ

*छत्तीसगढ़ में आईपीएस सर्जरी की आहट, बस्तर आईजी समेत कई जिलों के एसपी बदलने की चर्चा तेज….*

छत्तीसगढ़ में आईपीएस सर्जरी की आहट, बस्तर आईजी समेत कई जिलों के एसपी बदलने की चर्चा तेज

रायपुर, छत्तीसगढ़ उजाला

राज्य में प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार गृह विभाग जल्द ही आईपीएस अधिकारियों की नई तबादला सूची जारी कर सकता है, जिसमें बस्तर रेंज से लेकर कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) के नाम शामिल हो सकते हैं। मंत्रालय और पुलिस मुख्यालय के गलियारों में चर्चा है कि कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आगामी प्रशासनिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए कई जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की तैयारी चल रही है। बस्तर संभाग के कुछ जिलों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़,कवर्सधा सहित कई जिलों में बदलाव की चर्चा है।

सूत्रों का कहना है कि कई जिलों में लंबे समय से एक ही अधिकारी पदस्थ हैं अथवा जहां कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही है, वहां नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसके अलावा कुछ अधिकारियों को महत्वपूर्ण रेंज और पुलिस मुख्यालय में भी नई जिम्मेदारियां मिलने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद पुलिस प्रशासन की संरचना में भी बदलाव आया है। ऐसे में कई पदों पर नई नियुक्तियों और जिम्मेदारियों के पुनर्विन्यास को लेकर भी चर्चा बनी हुई है। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस महकमे में संभावित तबादला सूची को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री और गृह विभाग की अंतिम सहमति के बाद कभी भी तबादला आदेश जारी हो सकते हैं।

 

छत्तीसगढ़ उजाला विश्लेषण:

राज्य की साय सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने, अपराध नियंत्रण में तेजी लाने तथा प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में यह बड़ा फेरबदल कर सकती है। बहुत जल्द सूची जारी होती है तो कई जिलों में नए पुलिस कप्तान नजर आएंगे और बस्तर रेंज में भी महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं। बस्तर के आईजी पी सुंदरराज के एनआईए में जाने के बाद यह जगह खाली है। सरकार को बस्तर में आईजी की पोस्टिंग जल्द करना भी जरूरी है।

Anil Mishra

Related Articles

Back to top button