ब्रेकिंग न्यूज

सीतापुर विवाद पर प्रशासन का बड़ा फैसला, नायब तहसीलदार तुषार मानिक कलेक्टोरेट अटैच

अंबिकापुर/सीतापुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-सरगुजा जिले के सीतापुर में विधायक और उनके समर्थकों के साथ हुई कथित मारपीट की घटना के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। मामले को लेकर लगातार जारी विवाद और चर्चाओं के बीच कलेक्टर अंबिकापुर ने राजापुर के नायब तहसीलदार तुषार मानिक को उनके वर्तमान पदस्थापन स्थल से हटाकर जिला कार्यालय (कलेक्टोरेट) अंबिकापुर में अटैच कर दिया है।

जारी प्रशासनिक आदेश के अनुसार, नायब तहसीलदार तुषार मानिक को तत्काल प्रभाव से कलेक्टोरेट में अपनी सेवाएं देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं राजापुर उप तहसील का कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए मैनपाट के तहसीलदार उमेश्वर बाज को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि तुषार मानिक के वेतन एवं अन्य भत्तों का भुगतान पूर्ववत जारी रहेगा।

सीतापुर में हुई कथित मारपीट की घटना ने पूरे जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना दिया था। घटना के बाद मामला लगातार सुर्खियों में रहा और दोनों पक्षों की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए। इसी बीच प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए यह प्रशासनिक फेरबदल किया है।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर काउंटर एफआईआर दर्ज की है। जानकारी के अनुसार विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ जमानती धाराओं के तहत प्रकरण कायम किया गया है।

सीतापुर की इस घटना को लेकर प्रशासन और पुलिस दोनों सतर्क हैं। जिला प्रशासन की ओर से की गई यह कार्रवाई फिलहाल चर्चा का केंद्र बनी हुई है। वहीं पूरे मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button