कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 01 जेसीबी सहित 03 ट्रैक्टर जब्त

लगातार कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप, जिले में नहीं बख्शी जाएगी कोई भी अवैध गतिविधि
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)-कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के सख्त निर्देशों के तहत जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुरुम और मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त 01 जेसीबी और 03 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है।
सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान पढ़खुरी-वेंकटनगर मार्ग पर निरीक्षण के दौरान मुरुम का अवैध उत्खनन करते हुए 01 जेसीबी एवं 01 ट्रैक्टर तथा मिट्टी एवं ईंट का अवैध परिवहन करते हुए 02 अन्य ट्रैक्टरों को पकड़ा गया।
खनिज विभाग द्वारा संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अर्थदंड एवं समझौता राशि जमा कराने के बाद ही जब्त वाहनों को मुक्त किया जाएगा।
कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण जैसी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में आगे भी कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
कार्रवाई दल में शामिल अधिकारी-कर्मचारी
आदित्य मानकर – सहायक खनि अधिकारी
सुजीत कंवर – खनि निरीक्षक
शिवकुमार लहरे – खनिज सिपाही
साहिब गनी – नगर सैनिक



