गौरेला पेंड्रा मरवाहीछत्तीसगढ

विश्व पर्यावरण दिवस :“एक पौधा, एक जिम्मेदारी” के संदेश के साथ स्वास्थ्य विभाग ने हरित भविष्य के लिए बढ़ाया कदम

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से विशेष पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. रामेश्वर शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग कार्यालय परिसर के सामने छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य स्टाफ ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम की शुरुआत पौधरोपण से हुई, जिसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

डॉ. रामेश्वर शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जनआंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के इस दौर में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह प्रकृति के संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे। एक पौधा न केवल पर्यावरण को संतुलित रखने में सहायक होता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण भी प्रदान करता है।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य और पर्यावरण का सीधा संबंध है। स्वच्छ हवा, हरियाली और संतुलित पर्यावरण मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी लेने का संकल्प भी लिया। पूरे कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस पहल को विभागीय कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों ने सराहा और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button