
बिलासपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-NEET UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर एनएसयूआई ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एनएसयूआई छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय और बिलासपुर जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह ने शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार, परीक्षा प्रणाली की विफलता और युवाओं के भविष्य पर मंडरा रहे संकट को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला।
प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय ने कहा कि देश का युवा आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। लाखों छात्र-छात्राएं दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर माफियाओं और सरकारी लापरवाही के कारण उनका भविष्य बर्बाद हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में देशभर में लगभग 89 बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जो परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
उन्होंने कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय परीक्षा का पेपर लीक होना बेहद गंभीर मामला है और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) अब पारदर्शी संस्था नहीं रह गई है। “जब लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हो, तब इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। NTA को तत्काल भंग कर नई निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा एजेंसी का गठन किया जाना चाहिए,” उन्होंने कहा।
वहीं जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह ने कहा कि NEET परीक्षा से लगभग 22 लाख छात्रों का भविष्य जुड़ा हुआ है। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार अपने बच्चों को डॉक्टर बनाने के लिए कर्ज तक लेते हैं, लेकिन एक पेपर लीक पूरे परिवार के सपनों को तोड़ देता है। उन्होंने इसे “युवाओं के सपनों की हत्या” करार दिया।
एनएसयूआई नेताओं ने आरोप लगाया कि देशभर में छात्र सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार जवाब देने से बच रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मामले पर जवाब देने की मांग करते हुए नैतिक जिम्मेदारी के आधार पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई।
प्रेस वार्ता में एनएसयूआई ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, संयुक्त संसदीय समिति (JPC) से जांच कराने, पेपर लीक माफियाओं और उनके राजनीतिक संरक्षण की गहन जांच तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही राष्ट्रीय परीक्षा सुरक्षा कानून बनाए जाने की भी मांग रखी गई।
एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि जब सिस्टम कमजोर होता है तब माफिया मजबूत हो जाते हैं और सरकार परीक्षा व्यवस्था संभालने के बजाय केवल प्रचार में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि अब देश का युवा जवाब मांग रहा है।
इस दौरान संगठन ने आंदोलन की घोषणा करते हुए बताया कि 03 जून 2026 को एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में बिलासपुर के नेहरू चौक स्थित केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव किया जाएगा। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-युवा और एनएसयूआई पदाधिकारी शामिल होंगे।
प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय, जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की मिश्रा, प्रदेश महासचिव विकास सिंह ठाकुर, प्रदेश महासचिव अर्पित केसरवानी, प्रदेश सचिव लोकेश नायक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



