“छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला: IAS, IPS और IFS अधिकारियों का DA बढ़कर 60% हुआ, अब राज्य कर्मचारियों को भी राहत की उम्मीद”

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ सरकार ने अखिल भारतीय सेवा (AIS) के अधिकारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब IAS, IPS और IFS अधिकारियों को 58 प्रतिशत के स्थान पर 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। बढ़ा हुआ डीए 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा।
मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर से सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि यह निर्णय केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लिया गया है। आदेश के तहत अखिल भारतीय सेवा अधिकारियों को संशोधित दरों पर महंगाई भत्ते का लाभ दिया जाएगा तथा जनवरी 2026 से इसका भुगतान नकद रूप में किया जाएगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि महंगाई भत्ते की गणना केवल वेतन मैट्रिक्स में निर्धारित मूल वेतन (Basic Pay) के आधार पर ही की जाएगी। किसी प्रकार के विशेष वेतन, अतिरिक्त भत्ते अथवा अन्य सुविधाओं को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा।
इसके साथ ही शासन ने विभागों को सख्त निर्देश दिए हैं कि यदि किसी अधिकारी को नियम से अधिक राशि का भुगतान होता है, तो अतिरिक्त भुगतान की वसूली संबंधित अधिकारी से की जाएगी।
AIS अधिकारियों के लिए डीए वृद्धि का आदेश जारी होने के बाद अब राज्य संवर्ग के लाखों अधिकारी-कर्मचारियों और पेंशनर्स की निगाहें भी सरकार पर टिक गई हैं। लंबे समय से कर्मचारी संगठन केंद्र के समान महंगाई भत्ता लागू करने की मांग कर रहे हैं।
सरकारी कर्मचारियों के बीच अब यह चर्चा तेज हो गई है कि राज्य सरकार आने वाले समय में अन्य कर्मचारी वर्गों के लिए भी डीए बढ़ोतरी को लेकर बड़ा फैसला ले सकती है। मंत्रालय से लेकर मैदानी अमले तक, सभी कर्मचारियों को अब सरकार की अगली घोषणा का इंतजार है।




