ब्रेकिंग न्यूज

IPS अरुण देव गौतम बने छत्तीसगढ़ के पूर्णकालिक DGP, राज्य शासन ने जारी किया आदेश

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को राज्य का पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त कर दिया है। शनिवार को जारी आदेश के साथ ही बीते 14 महीनों से प्रभारी डीजीपी के रूप में कार्यभार संभाल रहे एडी गौतम अब आधिकारिक तौर पर छत्तीसगढ़ पुलिस के मुखिया बन गए हैं।

गौरतलब है कि पूर्व डीजीपी अशोक जुनेजा के सेवानिवृत्त होने के बाद राज्य सरकार ने अरुण देव गौतम को प्रभारी डीजीपी की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद से ही वे विभाग की कमान संभाल रहे थे। अब राज्य शासन ने उन्हें पूर्णकालिक डीजीपी नियुक्त करते हुए आदेश जारी कर दिया है।

इस नियुक्ति को लेकर हाल ही में मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। सुप्रीम कोर्ट ने पूर्णकालिक डीजीपी की नियुक्ति को लेकर यूपीएससी से जवाब मांगा था। इसके बाद यूपीएससी ने भी छत्तीसगढ़ सरकार को नोटिस जारी कर स्थिति स्पष्ट करने कहा था। इसी क्रम में राज्य सरकार ने अब औपचारिक आदेश जारी कर दिया।

1992 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के निवासी हैं। प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले गौतम छत्तीसगढ़ में सबसे लंबे समय तक गृह सचिव रहने वाले अधिकारियों में भी शामिल रहे हैं।

अरुण देव गौतम का पुलिस सेवा में लंबा और उल्लेखनीय रिकॉर्ड रहा है। उन्हें वर्ष 2002 में संयुक्त राष्ट्र मेडल (कोसोवो मिशन), 2010 में भारतीय पुलिस पदक तथा 2018 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

राज्य सरकार के इस फैसले के बाद पुलिस विभाग में स्थायी नेतृत्व को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button