*मितानिन बहनों द्वारा आयोजित पंचायत स्वास्थ्य सम्मेलन में शामिल हुए पूर्व स्पीकर धरमलाल कौशिक* *कहा : जनस्वास्थ्य अभियानों में मितानिन बहनों का अतुलनीय योगदान है*
छत्तीसगढ़ उजाला

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने बिल्हा विधानसभा अंतर्गत पथरिया मंगल भवन में आयोजित पंचायत स्वास्थ्य सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए इस मौके पर कौशिक ने कार्यक्रम के दौरान मितानिन बहनों का श्रीफल भेंटकर सम्मान किया तथा उनके समर्पण, सेवा भाव और उत्कृष्ट कार्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उनके अथक प्रयासों से ही पंचायतें स्वस्थ, जागरूक और सशक्त बन रही हैं। उन्होंने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने में मितानिन बहनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण जागरूकता तथा विभिन्न जनस्वास्थ्य अभियानों में उनका योगदान अतुलनीय है।

उन्होने कहा कि स्वास्थ्य ही मानव जीवन की सबसे बड़ी संपत्ति है। यदि हमारा शरीर स्वस्थ है, तो हम अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान दे सकते हैं। हमारी ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता, पोषण, टीकाकरण और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना भी हमारा कर्तव्य है। स्वच्छ पेयजल, शौचालयों का उपयोग, नियमित टीकाकरण, गर्भवती माताओं की देखभाल तथा बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। हमें यह भी समझना होगा कि “रोग से बचाव, उपचार से बेहतर है।” इस अवसर पर बड़ी संख्या में पथरिया विकासखंड की समस्त मितानिन बहने एवं क्षेत्र कि माताएं बहने बड़ी संख्या में उपस्थित रही।




